श्रीनगर , फरवरी 06 -- दिल्ली के लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास पिछले साल नवंबर में हुए बम विस्फोट मामले की जांच के सिलसिले में राष्ट्रीय जांच एजेंसी ने शुक्रवार को जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग स्थित गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज में तलाशी ली।

इस धमाके का संबंध तथाकथित "व्हाइट कॉलर" आतंकी मॉड्यूल से बताया जा रहा है। इस मॉडयूल का खुलासा जम्मू-कश्मीर पुलिस ने पिछले नवंबर में किया था।

अधिकारियों के अनुसार, एनआईए के अधिकारियों की एक टीम मेडिकल कॉलेज पहुंची और अनंतनाग निवासी डॉ. अदील अहमद राथर के लॉकर से एक असॉल्ट राइफल की बरामदगी के मामले में साक्ष्य जुटाए। डॉ. राथर को जम्मू-कश्मीर पुलिस ने पहले ही गिरफ्तार कर लिया था और वह आठ अन्य आरोपियों के साथ फिलहाल एनआईए की हिरासत में है। राथर पिछले साल अक्टूबर तक जीएमसी अनंतनाग में सीनियर रेजिडेंट के तौर पर कार्यरत था।

सूत्रों का कहना है कि मेडिकल कॉलेज में इस तलाशी का मुख्य उद्देश्य आतंकी मॉड्यूल से जुड़े सबूतों को जमा करना था। हालांकि, एनआईए ने अभी तक इस तलाशी अभियान को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित