नयी दिल्ली , अगस्त 20 -- आम आदमी पार्टी (आप) ने कल्याणपुरी में 22 वर्षीय युवक जय सिंह की चाकू मारकर हत्या के मामले को लेकर दिल्ली की कानून-व्यवस्था पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार को घेरा है।
आप के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने गुरुवार को आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में दिल्ली अपराध की राजधानी बन गयी है। उन्होंने कहा कि दिल्ली पुलिस अपराध रोकने में नाकाम है, जबकि आप विधायक जब कानून-व्यवस्था के मुद्दे उठाते हैं तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जाती है।
कोंडली के आप विधायक कुलदीप कुमार ने कहा कि कल्याणपुरी में स्वतंत्रता दिवस के बाद सफाई कर्मचारी अनिल की हत्या के कुछ ही दिनों बाद एक और युवक की हत्या होना गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने सवाल उठाया कि राजधानी में लगातार हत्या और अन्य अपराध की घटनाएं हो रही हैं और क्या दिल्ली अब सुरक्षित रहने के लिए नहीं बची है। उन्होंने बताया कि उन्होंने मृतक जय सिंह के परिवार से मुलाकात कर उनकी पीड़ा साझा की है। परिवार ने आरोप लगाया कि पुलिस ने उनकी इच्छा के विरुद्ध शव का पोस्टमार्टम कराया।
श्री कुमार ने आरोप लगाया कि कल्याणपुरी की झुग्गियों और बस्तियों में ड्रग्स, गांजा और अन्य नशीले पदार्थ खुलेआम बिक रहे हैं। उन्होंने कहा कि अपराध रोकने के लिए सबसे पहले अवैध नशे के कारोबार पर कार्रवाई जरूरी है। उन्होंने दावा किया कि स्थानीय लोगों ने उन्हें बताया है कि पुलिस को नशे की बिक्री के ठिकानों की जानकारी है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि एक सप्ताह के भीतर कल्याणपुरी में अवैध नशे की बिक्री पर रोक नहीं लगायी गयी तो उनकी पार्टी कल्याणपुरी थाने का घेराव करेगी।
उन्होंने कहा कि मृतक जय सिंह अपने परिवार का इकलौता बेटा था और उसके पिता नहीं हैं। उन्होंने भाजपा सरकार से मांग की कि जिलाधिकारी के माध्यम से पीड़ित परिवार को तत्काल आर्थिक सहायता उपलब्ध करायी जाये। साथ ही उन्होंने दिल्ली में लगातार हो रहे अपराध और नशे के खुले कारोबार को लेकर पुलिस आयुक्त को पत्र लिखकर मिलने का समय मांगने की बात कही। उन्होंने कहा कि आप विधायकों का प्रतिनिधिमंडल पुलिस आयुक्त से मुलाकात कर विभिन्न क्षेत्रों की कानून-व्यवस्था से जुड़ी समस्याएं उनके सामने रखेगा। आप नेताओं ने आरोप लगाया कि दिल्ली सरकार अपराध और कानून-व्यवस्था की स्थिति संभालने में पूरी तरह विफल रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित