नयी दिल्ली , जून 30 -- दिल्ली पुलिस ने 'ऑपरेशन शास्त्र' और 'नो गन्स, नो गैंग्स' अभियान के तहत एक बड़ी कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें हरियाणा का एक वांछित हत्यारोपी भी शामिल है।

द्वारका जिला पुलिस के नजफगढ़ थाने ने इस विशेष कार्रवाई के दौरान चार अवैध देसी पिस्तौल, एक लाइसेंसी पिस्तौल, छह मैगजीन, 32 जिंदा कारतूस और एक कार बरामद की है।

द्वारका के पुलिस उपायुक्त कुशल पाल सिंह ने बताया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य जिले में अवैध हथियारों के खतरे को खत्म करना और सक्रिय अपराधी गिरोहों को नेस्तनाबूत करना है। उन्होंने कहा कि यह निरंतर अभियान सशस्त्र अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और अपराधों को रोकने की दिल्ली पुलिस की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

पहली कार्रवाई के दौरान पुलिस ने नांगली सकरावती के पास जांच के दौरान भागने का प्रयास कर रही एक कार को रोका और उसमें सवार नवीन (27) तथा कुणाल (20) को दबोच लिया। पुलिस ने उनके पास से एक लाइसेंसी पिस्तौल, एक अवैध देसी पिस्तौल, तीन मैगजीन और 16 जिंदा कारतूस बरामद किये।

एक अन्य कार्रवाई में, जय विहार फेज-1 के पास गश्त के दौरान रवि शर्मा (28) को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने उसके पास से एक भरा हुआ देसी पिस्तौल, एक मैगजीन और 10 जिंदा कारतूस बरामद किये।

इसी तरह एक और कार्रवाई में पुलिस ने पंकज उर्फ राकेश उर्फ कालिया (21) को गिरफ्तार किया, जो हरियाणा के झज्जर जिले में दर्ज एक हत्या के मामले में वांछित था। पुलिस के अनुसार उसे नजफगढ़ की प्रेम विहार कॉलोनी में एक गुप्त सूचना के आधार पर पकड़ा गया और उसके पास से दो जिंदा कारतूस के साथ एक लोडेड देसी पिस्तौल बरामद की गयी।

दिल्ली पुलिस ने बताया कि इस 24 घंटे के विशेष अभियान के परिणामस्वरूप छह आरोपी गिरफ्तार किए गए, साथ ही पांच पिस्तौल, 32 जिंदा कारतूस और एक वाहन की बरामदगी हुई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित