नयी दिल्ली , मार्च 09 -- आम आदमी पार्टी (आप) ने उत्तम नगर में एक युवक तरुण की हत्या के मामले में कहा है कि दिल्ली पुलिस एक नौजवान की लाश पर भाजपा की दलाली कर रही है।
आम आदमी पार्टी के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने पुलिस द्वारा मृतक के परिजन से मिलने से रोकने पर सोमवार को कहा कि दिल्ली पुलिस एक नौजवान की लाश पर भाजपा की दलाली कर रही है। होली के दिन तरुण की हत्या कर दी गई और हम उनके परिजन से मिलकर सांत्वना देने जा रहे थे, लेकिन पुलिस ने हमें मिलने नहीं दिया। जबकि हमारे सामने ही पुलिस ने भाजपा के 20 लोगों को मिलने के लिए जाने दिया। दिल्ली पुलिस के बेचारे सिपाहियों को आगे कर दिया जाता है और पीछे से पुलिस आयुक्त सतीश गोलचा षड्यंत्र रचते हैं।
श्री भारद्वाज ने कहा कि आज यहां आते ही हमने हाथ जोड़कर पुलिस से निवेदन किया था कि केवल दो लोगों को परिवार से मिलने और सांत्वना देने की अनुमति दी जाए लेकिन यहां मौजूद वरिष्ठ अधिकारियों ने यह कहते हुए सीधे मना कर दिया कि यह बहुत संवेदनशील मामला है। हमारे और मीडिया के कैमरों के ठीक सामने भाजपा के 20 लोगों को अंदर जाने दिया गया। जब हमारे लोगों ने पुलिस से आपत्ति जताई कि भाजपा के लोग अंदर जा रहे हैं, तो पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित