नयी दिल्ली , मई 05 -- दिल्ली पुलिस ने 1.2 लाख रुपये से अधिक की यूपीआई धोखाधड़ी के मामले में एक चोरी हुए मोबाइल फोन और उससे किए गए संदिग्ध लेन-देन की कड़ियों को जोड़ते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

दिल्ली पुलिस की मेट्रो इकाई के पुलिस उपायुक्त बी. भरत रेड्डी ने बताया कि मुख्य आरोपी कुशाग्र आहूजा (32) को कश्मीरी गेट के पास से पकड़ा गया। आरोपी लगातार अपनी लोकेशन बदल रहा था और गिरफ्तारी से बचने की कोशिश कर रहा था, लेकिन तकनीकी निगरानी और लगातार ट्रैकिंग की मदद से उसे दबोच लिया गया।

जांच के दौरान पुलिस ने कई संदिग्ध यूपीआई लेन-देन का विश्लेषण किया। इसमें सफीदों की रहने वाली नीतू नाम की एक महिला सहित अन्य लाभार्थियों की पहचान की गई। नीतू से पूछताछ के बाद पुलिस को इस मामले को सुलझाने में महत्वपूर्ण मदद मिली।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित