नयी दिल्ली , अप्रैल 09 -- दिल्ली की बाहरी उत्तरी जिला पुलिस ने मुंगेशपुर हत्याकांड को सुलझा लिया है और इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान इंद्रजीत उर्फ सुस्सा, सागर और मोंटी के रूप में हुई है।
यह मामला एक व्यक्ति की हत्या से संबंधित है जिसका सड़ा हुआ शव बवाना के एक खुले मैदान में मिला था। मृतक की पहचान प्रदीप के रूप में हुई। वह आरोपी का सहयोगी था।
पुलिस उपायुक्त, बाहरी उत्तरी दिल्ली ,हरेश्वर स्वामी ने गुरुवार को संवाददाताओं को बताया कि आरोपियों का पता लगाने के लिए पुलिस टीमों ने लगातार छापेमारी और तकनीकी निगरानी की। आरोपी बार-बार अपना ठिकाना बदल रहे थे और गिरफ्तारी से बचने के लिए उधार के मोबाइल फोन का इस्तेमाल कर रहे थे। उन्होंने कहा कि समन्वित प्रयासों एवं त्वरित कार्रवाई के परिणामस्वरूप अंततः उन्हें गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के अनुसार, पीड़ित आरोपी के साथ मुंगेशपुर इलाके में शराब पीने गया था जिसके बाद वह लापता हो गया। बाद में उसका शव बरामद हुआ जिसके बाद गहन जांच शुरू की गई। पुलिस टीमों ने मुंबई और हरिद्वार सहित विभिन्न शहरों में आरोपियों की गतिविधियों पर नजर रखी और अंततः दिल्ली में उनके ठिकाने का पता लगाया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित