नयी दिल्ली , जुलाई 20 -- दिल्ली पुलिस ने 'कॉकरोच जनता पार्टी' के प्रदर्शन का समर्थन कर रहे लोगों से शांति बनाए रखने, संयम बरतने और कानून-व्यवस्था में पुलिसकर्मियों का सहयोग करने की अपील की है। प्रदर्शनकारियों से अपील करते हुए दिल्ली पुलिस ने कहा है कि वे शांतिपूर्ण तरीके से व्यवहार करें, किसी भी गैर-कानूनी या हिंसक गतिविधि में शामिल न हों और साथ ही ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों और पुलिसकर्मियों के कानूनी निर्देशों का पालन करें।
एक वीडियो संदेश में, दिल्ली पुलिस के जनसंपर्क अधिकारी (पीआरओ) एवं अतिरिक्त पुलिस आयुक्त राजीव रंजन ने कहा कि लोगों को सलाह दी जाती है कि वे सोशल मीडिया सहित किसी भी प्लेटफॉर्म पर अफवाहों, गलत जानकारी या बिना पुष्टि वाली सामग्री पर विश्वास न करें और न ही उन्हें फैलाएं। उन्होंने कहा कि नागरिकों से अनुरोध है कि वे जानकारी के केवल विश्वसनीय स्रोतों पर भरोसा करें और शांति, सद्भाव तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने में दिल्ली पुलिस का सहयोग करें। इस बीच, पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जंतर-मंतर पर पुलिस द्वारा हिंसा का कोई इस्तेमाल या लोगों को हिरासत में लेने जैसी कोई घटना नहीं हुई है। पुलिस ने कहा है कि प्रदर्शन को पेशेवर तरीके से संभाला जा रहा है और साथ ही सभी से फिर से अनुरोध किया कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें। जंतर-मंतर रोड पर तय प्रदर्शन स्थल को छोड़कर, पूरे नयी दिल्ली जिले में धारा भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की 163 के तहत निषेधाज्ञा लागू है। पुलिस के अनुसार, सोमवार को संसद तक प्रस्तावित मार्च के लिए न तो कोई अनुमति मांगी गयी थी और न ही दी गई थी। पुलिस ने लोगों को स्पष्ट रूप से सलाह दी थी कि वे किसी भी अनधिकृत सभा या जुलूस में शामिल न हों और सुरक्षा तथा शांति बनाए रखने के लिए निषेधाज्ञा का सम्मान करें।
इस बीच, प्रदर्शनकारी इंदिरा चौक, आउटर सर्कल सहित कनॉट प्लेस के आसपास के इलाकों में फैल गए, जहां प्रदर्शनकारियों ने कथित तौर पर सड़क के किनारे रखे प्लांटर्स को सड़क के बीच में रखकर यातायात को अवरुद्ध करने की कोशिश की, जिन्हें बाद में पुलिस कर्मियों ने हटा दिया। कस्तूरबा गांधी मार्ग के पास बाहरी घेरे से मुड़कर प्रदर्शनकारी इंदिरा चौक, बाराखंभा की ओर भाग गए, जबकि पुलिस कर्मियों ने उन्हें तितर-बितर करने और यातायात की आवाजाही बहाल करने की कोशिश की। इसी तरह के दृश्य फ़िरोज़ शाह रोड, विंडसर प्लेस के पास और आसपास के अन्य क्षेत्रों में भी देखे गए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित