नयी दिल्ली , अगस्त 04 -- दिल्ली पुलिस ने नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी करने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश करते हुए मास्टरमाइंड समेत सात लोगों को गिरफ्तार किया है। यह गिरोह नौकरी के नाम पर बेरोजगारों से पंजीकरण और अन्य शुल्क के रूप में पैसे ऐंठता था।
पुलिस के मुताबिक, करोल बाग के रहने वाले एक शख्स ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 'नेक्स्ट स्टेप एडवाइजर्स' नाम की एजेंसी के जरिए नौकरी का झांसा देकर उनसे 4,800 रुपये ठग लिए गए।
शिकायतकर्ता ने ऑनलाइन नौकरी के लिए आवेदन किया था, जिसके बाद 24 जुलाई को उसे एक व्हाट्सएप संदेश मिला। संदेश भेजने वाले ने खुद को कंपनी का एचआर अधिकारी बताया और अगले दिन उत्तम नगर के एक ऑफिस में साक्षात्कार के लिए बुलाया। वहां उससे पंजीकरण और दस्तावेज शुल्क के नाम पर पैसे लिए गए और यह भरोसा दिलाया गया कि नौकरी लगते ही यह पैसे वापस कर दिए जाएंगे। लेकिन न तो नौकरी मिली और न ही पैसे वापस आए। जब पीड़ित ने उन नंबरों पर संपर्क करना चाहा, तो फोन बंद मिले।
इस शिकायत पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने जांच के दौरान बैंक खातों और मोबाइल नंबरों की मदद से उत्तम नगर के जीवन पार्क में चल रहे उस फर्जी दफ्तर पर पहुंंची तो जांच में पता चला कि यह ऑफिस बिना किसी पंजीकरण के चल रहा था।
गिरफ्तार सात लोगों में एजेंसी चलाने वाला मुख्य आरोपी, चार महिलाएं और दो पुरुष शामिल हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित