नयी दिल्ली , जुलाई 14 -- दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने ओडिशा, आंध्र प्रदेश और दिल्ली-एनसीआर के बीच चल रहे गांजे की तस्करी के एक अंतर-राज्यीय नेटवर्क का भंडाफोड़ कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राहुल कुमार उर्फ टूटन, पामुलापति श्रीनिवास उर्फ अन्ना और प्रतिनिधि कराड के रूप में हुई है। इनके कब्जे से 26.35 किलोग्राम गांजा ज़ब्त किया है जो कि व्यावसायिक मात्रा है। इस अभियान से नशीले पदार्थों की आपूर्ति की एक बड़ी कड़ी टूट गयी है और गिरोह के दूसरे सदस्यों की पहचान करने तथा पैसों के लेन-देन का पता लगाने के लिए आगे की जांच चल रही है।
उन्होंने बताया कि यह अभियान तब शुरू किया गया जब अपराध शाखा को द्वारका में एक खेप की आपूर्ति के संबंध में पक्की जानकारी मिली। छापेमारी करने वाली टीम ने एक गाड़ी को रोका और 25 पैकेट बरामद किए, जिनमें 26.35 किलोग्राम गांजा था। जांच के दौरान कथित आपूर्ति श्रृंखला का पता दिल्ली से आंध्र प्रदेश एवं ओडिशा तक लगाया गया, जिसके बाद बीचौलिये और ओडिशा के कथित मुख्य आपूर्तिकर्ता को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस उपायुक्त (अपराध शाखा) हर्ष इंदोरा ने बताया कि अपराध शाखा ने ओडिशा, आंध्र प्रदेश और दिल्ली-एनसीआर के बीच चल रहे गांजे की तस्करी के एक कथित अंतर-राज्यीय नेटवर्क को सफलतापूर्वक ध्वस्त कर दिया। लगातार जांच के परिणामस्वरुप टीम कम समय में ही कथित आपूर्तिकर्ता की पहचान करने, उसका पता लगाने और उसे पकड़ने में सफल रही, साथ ही इस अभियान ने भारी मात्रा में प्रतिबंधित सामान को अवैध बाज़ार तक पहुंचने से रोक दिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित