नयी दिल्ली , मार्च 11 -- दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने एक लक्षित अभियान के दौरान छेनू गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है।

दिल्ली पुलिस अपराध शाखा ने बुधवार को यह जानकारी दी। आरोपियों की पहचान राशिद उर्फ सोनू और फहीम उर्फ डैनी के रूप में हुई है। दोनों आरोपी कई आपराधिक गतिविधियों में सक्रिय रूप से शामिल थे, जिनमें गैर-इरादतन हत्या, डकैती, आयुद्व अधिनियम के तहत मामले, चोरी, घर में सेंधमारी और झपटमारी शामिल हैं।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा कि राशिद उर्फ सोनू मयूर विहार पुलिस स्टेशन इलाके का एक आदतन अपराधी है और कथित तौर पर 21 से ज़्यादा आपराधिक मामलों में शामिल है। वह राजस्थान के जयपुर में विधायक पुरी पुलिस थाने में दर्ज एक बड़े चोरी के मामले में भी वांछित था।

उन्होंने बताया कि आरोपियों को अपराध शाखा की पश्चिम क्षेत्र की इकाई ने तब पकड़ा जब वे कथित तौर पर रघुबीर नगर में गुरु गोबिंद सिंह हॉस्पिटल के पास किसी आपराधिक गतिविधि की तलाश में घूम रहे थे। गिरफ्तारी के समय उनके पास खतरनाक हथियार थे। पुलिस ने उनके पास से दो गैर-कानूनी पिस्तौल, पांच कारतूस और एक टाटा पंच कार बरामद की।

पुलिस आगे की जांच कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित