नयी दिल्ली , अक्टूबर 23 -- दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शुक्रवार को दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के करीब 4,000 एमटीएस (जनस्वास्थ्य) कर्मचारियों को समान कार्य के लिए समान वेतन देने के निर्णय के तहत बढ़ी हुई राशि उनके बैंक खातों में हस्तांतरित की।

श्रीमती गुप्ता ने आज यहां आयोजित एक कार्यक्रम में बटन दबाकर वेतन की बढ़ी हुई राशि जारी की। इस फैसले के तहत कर्मचारियों को पे मैट्रिक्स के लेवल-एक के न्यूनतम वेतन 18,000 रुपये के साथ परिवर्तनीय महंगाई भत्ता (वेरिएबल डीए) भी दिया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली की सेवा में जुटे हजारों कर्मचारियों की चिंता करना सरकार का फर्ज है। उन्होंने कहा कि यह निर्णय कर्मचारियों के करीब तीन दशकों के समर्पण, संघर्ष और जनसेवा का सम्मान है। वर्ष 1996 में दिल्ली में डेंगू के प्रकोप के दौरान नियुक्त ये कर्मचारी पिछले लगभग 30 वर्षों से घर-घर जाकर लोगों के स्वास्थ्य की रक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। सरकार का उद्देश्य केवल व्यवस्थाओं में सुधार करना नहीं, बल्कि उन कर्मचारियों के जीवन में भी सकारात्मक बदलाव लाना है, जो इन व्यवस्थाओं को जमीन पर उतारते हैं। कर्मचारियों को उनके काम के अनुरूप सम्मान और सुविधाएं मिलने से उनका मनोबल बढ़ेगा।

उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार जनसेवा से जुड़े कर्मचारियों के सम्मान, अधिकारों और कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। आशा कार्यकर्ताओं और आंगनवाड़ी कर्मियों के मानदेय में वृद्धि तथा नर्सिंग इंटर्न के मासिक स्टाइपेंड में बढ़ोतरी भी इसी दिशा में उठाये गये कदम हैं। उन्होंने कर्मचारियों से जनता के साथ विनम्रता और संवेदनशीलता से पेश आने की अपील करते हुए कहा कि जनसेवा में लगे कर्मचारी सरकार का चेहरा होते हैं। नागरिकों की समस्याओं का समाधान करना और उनके साथ सम्मानजनक व्यवहार करना उनकी जिम्मेदारी है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान के लिए सरकार उनके साथ खड़ी रहेगी।

दिल्ली के महापौर प्रवेश वाही ने कहा कि दिल्ली नगर निगम सरकार की विकास योजनाओं को धरातल पर उतारने में सहयोग कर रहा है। उन्होंने पिछली सरकारों पर एमटीएस कर्मचारियों को केवल आश्वासन देने का आरोप लगाते हुए कहा कि पिछले बजट में जब कर्मचारियों के वेतन में वृद्धि के प्रस्ताव पर मुख्यमंत्री से चर्चा की गयी और बताया गया कि इस पर सालाना 52 करोड़ रुपये खर्च होंगे, तो मुख्यमंत्री ने बिना देरी किये मंजूरी दे दी। उन्होंने कहा कि इसी निर्णय का परिणाम है कि बढ़ी हुई राशि अब कर्मचारियों के खातों में पहुंचाई गयी है।

महापौर ने यह भी घोषणा की कि दिवाली पर दिल्ली की सफाई व्यवस्था बेहतर बनाने के लिए मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार 2,500 नए स्वच्छता कर्मियों की नियुक्ति की जायेगी। उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान राजधानी की कॉलोनियों और बाजारों में सफाई सुनिश्चित करना निगम की प्राथमिकता है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष ने नियुक्तियों में बाधा डालने की कोशिश की, लेकिन वह सफल नहीं हुआ। निगम का लक्ष्य है कि आगामी त्योहारों के दौरान दिल्ली के बाजार और सार्वजनिक स्थान साफ-सुथरे नजर आयें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित