रायपुर , अगस्त 01 -- छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने शनिवार को राजधानी रायपुर के एयरपोर्ट पर पत्रकारों से चर्चा के दौरान कहा कि उनके हालिया दिल्ली दौरे के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय मंत्रियों के साथ राज्य के विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर सकारात्मक चर्चा हुई है। उन्होंने कहा कि बस्तर में अधोसंरचना, रेल, सड़क, बिजली, मोबाइल नेटवर्क और आयुर्वेदिक एम्स सहित कई प्रस्तावों पर केंद्र सरकार ने सकारात्मक आश्वासन दिया है।
दिल्ली से लौटने के बाद पत्रकारों से चर्चा में साय ने कहा कि बस्तर पंडुम के विजेताओं का राष्ट्रपति द्वारा सम्मान किया गया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में तेजी से हो रहे विकास कार्यों और नक्सल मुक्त बस्तर की दिशा में चल रही गतिविधियों की जानकारी दी। साथ ही बस्तर में विद्युतीकरण के प्रस्ताव, आयुर्वेदिक एम्स की स्थापना तथा विकास कार्यों को गति देने के संबंध में भी चर्चा हुई। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की मौजूदगी में भविष्य में 'लखपति दीदी' सम्मेलन आयोजित किए जाने की भी योजना है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि महानदी जल विवाद को लेकर ओडिशा के मुख्यमंत्री और केंद्रीय जल शक्ति मंत्री के साथ बैठक हुई है। दोनों राज्यों के हितों को ध्यान में रखते हुए समाधान की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं तथा अगले तीन महीने में जल बंटवारे पर निर्णय होने की उम्मीद है।
उन्होंने कहा कि केंद्रीय रेल मंत्री के साथ कटघोरा-डोंगरगढ़ रेल लाइन के निर्माण सहित अन्य नई रेल परियोजनाओं पर चर्चा हुई। बस्तर क्षेत्र में किरंदुल से बीजापुर तक रेल संपर्क बढ़ाने के प्रस्ताव पर भी विचार-विमर्श किया गया।
सीएम साय ने बताया कि केंद्रीय दूरसंचार मंत्री से नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में नए मोबाइल टावर लगाने के संबंध में चर्चा की गई। उन्होंने पहले स्वीकृत 500 से अधिक मोबाइल टावरों के लिए केंद्र का आभार भी व्यक्त किया। इसके अलावा बस्तर के 400 से अधिक गांवों में बिजली पहुंचाने तथा प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत सड़क संपर्क बढ़ाने के मुद्दे भी उठाए गए।
जम्मू-कश्मीर में आतंकी हमले के बाद पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती और फारूक अब्दुल्ला के बयानों पर पूछे गए सवाल के जवाब में मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ में रोजगार की कोई कमी नहीं है। उन्होंने कहा कि विभिन्न सरकारी योजनाओं और नई औद्योगिक नीति के माध्यम से लोगों को रोजगार के अवसर उपलब्ध हो रहे हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित