रायपुर , जून 25 -- छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय दो दिवसीय दिल्ली प्रवास से गुरुवार को रायपुर लौटे। रायपुर पहुंचने के बाद हवाई अड्डा पर संवाददाताओं से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि हाल में लखनऊ के एक कोचिंग संस्थान में हुए हादसे को देखते हुए प्रदेश के सभी कोचिंग केंद्रों की सुरक्षा व्यवस्था की जांच कराने के निर्देश मुख्य सचिव को दिए गए हैं।

श्री साय ने कहा कि विद्यार्थियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और सभी कोचिंग संस्थानों में सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि दिल्ली प्रवास के दौरान केंद्रीय नेताओं के साथ राज्य के विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर सार्थक चर्चा हुई। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात में बस्तर क्षेत्र के विकास और सुरक्षा संबंधी मुद्दों पर विस्तार से बातचीत हुई। इस दौरान उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा भी मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री ने बताया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन तथा केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा से भी मुलाकात कर राज्य में आयुष अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) की स्थापना का प्रस्ताव रखा गया। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ का लगभग 44 प्रतिशत भूभाग वन क्षेत्र से आच्छादित है तथा यहां विभिन्न प्रकार की औषधीय जड़ी-बूटियां प्रचुर मात्रा में उपलब्ध हैं। ऐसे में आयुर्वेद आधारित शोध एवं उपचार को बढ़ावा देने के लिए राज्य में आयुर्वेदिक एम्स की स्थापना आवश्यक है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित