नयी दिल्ली , मई 23 -- दिल्ली के समाज कल्याण मंत्री रविन्द्र इन्द्राज सिंह ने शनिवार को कहा कि उनकी सरकार ग्रामीण क्षेत्रों के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है और दिल्ली देहात का विकास सरकार की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है।
श्री रविन्द्र इन्द्राज ने आज उत्तर-पश्चिमी दिल्ली के बवाना विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत कुतुबगढ़ कॉलोनी में लगभग 4.82 करोड़ रुपये की विकास परियोजना का शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार ग्रामीण क्षेत्रों के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है और दिल्ली देहात का विकास सरकार की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि सरकार के बजट का एक महत्वपूर्ण हिस्सा अब ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी ढांचे और जनसुविधाओं के विकास पर केंद्रित किया जा रहा है जिससे गांवों में रहने वाले लोगों को बेहतर जीवन सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।
उन्होंने कहा कि दिल्ली देहात का विकास अब रुकने वाला नहीं है और एक के बाद एक शिलान्यास एवं लोकार्पण कार्य लगातार किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में दिल्ली सरकार जनता की अपेक्षाओं से बढ़कर कार्य करने के लिए प्रयासरत है तथा विभिन्न सरकारी एजेंसियों के समन्वय से विकास परियोजनाओं को तेजी से पूरा किया जा रहा है।
श्री सिंह ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में जलभराव और सड़कों पर गड्ढों की समस्या को दूर करने की दिशा में व्यापक स्तर पर कार्य किया जा रहा है। साथ ही बिजली एवं पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं की पर्याप्त उपलब्धता भी सुनिश्चित की जा रही है। उन्होंने कहा कि सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग सहित विभिन्न विभागों के सहयोग से विकास कार्यों को गति मिल रही है।
उन्होंने कहा कि गांव हमारी कला, संस्कृति और परंपराओं की महत्वपूर्ण पहचान हैं, इसलिए इनके विकास और संरक्षण पर विशेष ध्यान दिया जाना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि सड़कों, सीवर लाइनों, पेयजल पाइपलाइन, हाई मास्ट लाइट, स्वच्छता और सुरक्षा जैसी सुविधाओं के विस्तार से ग्रामीण क्षेत्रों की तस्वीर तेजी से बदल रही है। आज ग्रामीण क्षेत्रों की सड़कें रात में जगमगाती दिखाई देती हैं और आधुनिक सुविधाओं के साथ किसी विकसित शहर से कम प्रतीत नहीं होतीं।
उन्होंने कहा कि विकास की इस व्यापक मुहिम से न केवल ग्रामीणों को बेहतर सुविधाएं मिल रही हैं, बल्कि उनके भीतर अपने गांवों के प्रति जुड़ाव और गर्व की भावना भी मजबूत हो रही है। सरकार विकास और पर्यावरण के बीच संतुलन बनाए रखने के लिए ग्रीन कवर को भी प्राथमिकता दे रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित