नयी दिल्ली , अक्टूबर 29 -- वैश्विक जलवायु लक्ष्यों को हासिल करने में शहरों की भूमिका मजबूत करने के उद्देश्य से राजधानी दिल्ली में आयोजित दो दिवसीय एआरआईएसई सिटीज फोरम 2026 का समापन बुधवार को दिल्ली घोषणा-पत्र को अपनाने के साथ हुआ।

आधिकारिक जानकारी के मुताबिक 'भारत से अंताल्या: प्रतिबद्धता, क्रियान्वयन और परिणाम' विषय पर आयोजित इस सम्मेलन में 18 से अधिक देशों के 50 से ज्यादा शहरों के 200 से अधिक प्रतिनिधियों ने भाग लिया। आवास एवं शहरी कार्य मंत्रालय के सहयोग से आयोजित इस मंच का आयोजन स्थानीय पर्यावरणीय पहलों के लिए अंतरराष्ट्रीय परिषद (आईसीएलईआई) साउथ एशिया और राष्ट्रीय शहरी कार्य संस्थान ने किया। घोषणा-पत्र में जलवायु वित्त, स्वच्छ ऊर्जा परिवर्तन, वैज्ञानिक आंकड़ों, जैव विविधता संरक्षण, युवाओं और समुदायों की भागीदारी पर जोर दिया गया।

तुर्की के राजदूत अली मूरत एरसोय सहित विभिन्न विशेषज्ञों ने शहरों को जलवायु नीति निर्माण में महत्वपूर्ण भागीदार बनाने की आवश्यकता बतायी। घोषणा-पत्र को आगामी सीओपी 31 जलवायु सम्मेलन में अंताल्या ले जाया जायेगा। कार्यक्रम में दिल्ली जैव विविधता मानचित्र भी जारी किया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित