नयी दिल्ली , फरवरी 25 -- दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा है कि इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल दिल्ली (आईएफएफडी) 2026 दिल्ली के सांस्कृतिक परिदृश्य को नयी दिशा देगा और राजधानी को वैश्विक सांस्कृतिक मानचित्र पर नयी पहचान दिलाएगा।
श्रीमती रेखा गुप्ता ने राजधानी में पहली बार आयोजित होने वाले इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल दिल्ली (आईएफएफडी) 2026 के बारे में बुधवार को जानकारी देते हुए इसे दिल्ली को वैश्विक सांस्कृतिक और सिनेमाई केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में ऐतिहासिक अवसर बताया। उन्होंने कहा कि यह महोत्सव केवल फिल्मों का आयोजन नहीं, बल्कि दिल्ली की रचनात्मक शक्ति, सांस्कृतिक विरासत और आधुनिक सोच का उत्सव है। यह एक ऐसा पब्लिक फेस्टिवल होगा जिसमें हर दिल्लीवासी की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी और विश्व सिनेमा को आम नागरिकों तक पहुंचाया जाएगा। इसके साथ ही, इसके माध्यम से स्थानीय फिल्मकारों और तकनीशियनों को अंतरराष्ट्रीय मंच मिलेगा और राष्ट्रीय एवं वैश्विक प्रतिभाओं के साथ संवाद के अवसर मिलेंगे। उन्होंने कहा कि 25 से 31 मार्च तक आयोजित होने वाला यह सिटी-वाइड फिल्म फेस्टिवल भारत मंडपम सहित नई दिल्ली के विभिन्न प्रतिष्ठित स्थलों पर आयोजित किया जाएगा। यह आयोजन दिल्ली को फिल्म पर्यटन, प्रतिभा विकास, एवीजीसी, रचनात्मक उद्योग और रोजगार सृजन के नये अवसर प्रदान करेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली सरकार की फिल्म नीति के अनुरूप सिंगल-विंडो सुविधा, प्रोडक्शन सपोर्ट और उद्योग सहयोग के माध्यम से दिल्ली को शूटिंग के लिए एक आकर्षक डेस्टिनेशन बनाया जा रहा है। आईएफएफडी के माध्यम से दिल्ली को भारत की सिनेमाई राजधानी के रूप में स्थापित करने की दिशा में ठोस कदम उठाया गया है। मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि आईएफएफडी 2026 दिल्ली के सांस्कृतिक परिदृश्य को नयी दिशा देगा और राजधानी को वैश्विक सांस्कृतिक मानचित्र पर नयी पहचान दिलाएगा। मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि दिल्ली हमेशा संस्कृति को दिशा देने वाला शहर रहा है और इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल दिल्ली के माध्यम से ऐसा सार्वजनिक महोत्सव तैयार किया जा रहा है, जो इस शहर के लोगों का अपना उत्सव होगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित