नयी दिल्ली , मार्च 11 -- चांदनी चौक से सांसद प्रवीन खंडेलवाल ने दिल्ली के उपराज्यपाल का पदभार ग्रहण करने पर श्री तरनजीत सिंह संधू को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएँ दी हैं।

श्री खंडेलवाल ने बुधवार को कहा कि श्री संधू एक अनुभवी, दूरदर्शी, सक्षम और परिणामोन्मुख प्रशासक हैं, जिन्होंने अपने लंबे कूटनीतिक और प्रशासनिक अनुभव से देश की उत्कृष्ट सेवा की है। उन्होंने कहा कि श्री संधू की सशक्त कार्यशैली, और गहरी नीतिगत समझ निश्चित रूप से दिल्ली को विकास, सुशासन और आधुनिक नगरीय प्रबंधन की नई ऊँचाइयों तक पहुँचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि उनके नेतृत्व में दिल्ली और अधिक व्यवस्थित, सुरक्षित, स्वच्छ तथा नागरिक-अनुकूल राजधानी के रूप में विकसित होगी।

उन्होंने पूर्व उपराज्यपाल वीके सक्सेना के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि श्री सक्सेना ने अपने कार्यकाल के दौरान दृढ़ प्रशासनिक इच्छाशक्ति, सक्रिय नेतृत्व और विकासोन्मुख दृष्टिकोण के साथ राष्ट्रीय राजधानी के विकास को नयी गति प्रदान की। उनके प्रयासों से बुनियादी ढाँचे के सुदृढ़ीकरण, प्रशासनिक सुधारों और जनसुविधाओं के विस्तार में उल्लेखनीय प्रगति हुई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित