मुरादाबाद , अगस्त 4 -- रेलवे प्रशासन ने यात्रियों की सुविधा और आधारभूत संरचना के आधुनिकीकरण के तहत दिल्ली कैंट (डीईसी) रेलवे स्टेशन पर प्लेटफॉर्म संख्या 2 एवं 3 (लाइन संख्या 3 व 4) के उन्नयन कार्य के कारण चार प्रमुख ट्रेनों का दिल्ली कैंट स्टेशन पर ठहराव अस्थायी रूप से निरस्त कर दिया है। यह व्यवस्था 1 अगस्त से 13 अक्टूबर तक कुल 90 दिनों के लिए प्रभावी रहेगी।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक महेश यादव ने मंगलवार को बताया कि उन्नयन कार्य के चलते मुरादाबाद मंडल से होकर गुजरने अथवा संचालित होने वाली चार ट्रेनों का दिल्ली कैंट स्टेशन पर अस्थायी ठहराव समाप्त रहेगा। उन्होंने बताया कि जिन ट्रेनों का ठहराव निरस्त किया गया है, उनमें गाड़ी संख्या 15013 रानीखेत एक्सप्रेस (1 अगस्त से 13 अक्टूबर), 20963 साबरमती-वाराणसी सुपरफास्ट एक्सप्रेस (6 अगस्त से 13 अक्टूबर), 19601 उदयपुर सिटी-नई दिल्ली एक्सप्रेस (1 अगस्त से 13 अक्टूबर) तथा 12372 बीकानेर-हावड़ा सुपरफास्ट साप्ताहिक एक्सप्रेस (6 अगस्त से 13 अक्टूबर) शामिल हैं।
रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से यात्रा की योजना बनाते समय संशोधित परिचालन व्यवस्था का ध्यान रखने की अपील की है तथा इस अस्थायी असुविधा के लिए खेद व्यक्त किया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित