नयी दिल्ली , अप्रैल 13 -- नयी दिल्ली के हरि नगर में दो चोरों को गिरफ्तार करने गई पुलिस टीम पर आरोपियों ने चाकू से हमला कर दिया, हालांकि पुलिस ने उन्हें फिर भी काबू में कर लिया।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि आरोपियों की पहचान बबलू सिंह और धरम सिंह के रूप में हुई है। घायल पुलिसकर्मियों को दीन दयाल उपाध्याय अस्पताल ले जाया गया।
आउटर डिस्ट्रिक्ट की एंटी-स्नैचिंग और चोरी सेल के सहायक उपनिरीक्षक (एएसआई) विनोद, हेड कांस्टेबल रवि, कांस्टेबल देवेंद्र और अभिषेक रानी बाग थाने के एक मामले में रविवार को वांछित कुछ संदिग्धों का पीछा करते हुए शिव नगर पहुंचे थे। उस वक्त दोनों चोर आदर्श नगर से चोरी की गई मोटरसाइकिल पर एक घर में चोरी की वारदात को अंजाम देने की कोशिश में थे, तभी जवानों ने उन्हें रोक लिया।
अधिकारी ने बताया कि चोरों को पकड़ने की कोशिश के दौरान उन्होंने एएसआई विनोद और कांस्टेबल अभिषेक पर चाकू से हमला कर दिया। एएसआई विनोद की दाहिनी भौंह के ऊपर चाकू लगने से चोट आई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित