नयी दिल्ली , जुलाई 02 -- दिल्ली प्रदेश कांग्रेस ने दिल्ली सरकार के 28 सरकारी अस्पतालों में बेडशीट खरीद में बड़े भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए उपराज्यपाल से उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की है।
दिल्ली प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने दावा किया कि बेडशीट की खरीद बाजार मूल्य से कई गुना अधिक कीमत पर की गयी, जिसमें करीब 50 करोड़ रुपये का कमीशन लिया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि एक ही कंपनी से बाजार में 150 रुपये प्रति बेडशीट उपलब्ध होने के बावजूद दिल्ली सरकार ने वही बेडशीट 450 रुपये प्रति पीस की दर से खरीदी। यह खरीद प्रक्रिया सरकारी धन की खुली लूट का उदाहरण है और इससे स्वास्थ्य विभाग में व्याप्त भ्रष्टाचार उजागर होता है।
उन्होंने कहा कि दिल्ली के 28 सरकारी अस्पतालों में लगभग 15,500 बेड हैं, लेकिन सरकार ने 16.60 लाख बेडशीट खरीदने पर करीब 75 करोड़ रुपये खर्च किए। यह संख्या आवश्यकता से कहीं अधिक है और प्रत्येक बेड के लिए औसतन 106 बेडशीट खरीदी गयी।
कांग्रेस अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि पिछली आम आदमी पार्टी सरकार और मौजूदा भाजपा सरकार, दोनों के कार्यकाल में स्वास्थ्य क्षेत्र में संदिग्ध खरीद के जरिए सरकारी धन का दुरुपयोग हुआ है। उन्होंने उपराज्यपाल से पूरे मामले की निष्पक्ष उच्चस्तरीय जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित