नयी दिल्ली , मई 27 -- राष्ट्रीय राजधानी के शाहदरा जिले के विवेक विहार में जिंजर होटल के बाहर हुई गोलीबारी में तीन आरोपियों को पकड़ा है। यहां इस महीने की शुरुआत में अज्ञात लोगों ने गोलियां चलायीं थीं और होटल परिसर में कांच का गेट तोड़ दिया था।

शाहदरा के पुलिस उपायुक्त राजेंद्र प्रसाद मीणा ने बताया कि स्पेशल स्टाफ और विवेक विहार थाने की संयुक्त टीम ने टेक्निकल सर्विलांस, स्थानीय खुफिया जानकारी और देर रात गश्त अभियानों के जरिये इस मामले को सुलझाया । पुलिस ने इस दौरान एक अवैध लोडेड पिस्तौल, दो जिंदा कारतूस और अपराध में इस्तेमाल की गयी स्कूटी बरामद की है।

पुलिस के अनुसार, यह घटना 21 मई को रात करीब 12:45 बजे हुई, जब होटल के सुरक्षा गार्ड ने पीसीआर को फोन कर रिपोर्ट दी कि परिसर के बाहर करीब चार राउंड गोलियां चलायी गयी हैं। इसके बाद विवेक विहार थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गयी। पुलिस ने कहा कि संदिग्धों की पहचान करने के लिए इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गये और तकनीकी निगरानी बढ़ायी गयी। जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि विशव उर्फ गोला के रूप में पहचाना गया आरोपी चंडीगढ़ में छिपा है।छापामारी करने और उसकी गतिविधियों पर नजर रखने के बाद पुलिस ने बाद में देर रात एक अभियान के दौरान दिल्ली के कस्तूरबा नगर के पास उसे रोक लिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित