नयी दिल्ली , सितंबर 28 -- पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव ने सोमवार को दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के साथ बैठक में राष्ट्रीय राजधानी में वायु प्रदूषण नियंत्रण के लिए समयबद्ध कार्ययोजना, समन्वित कार्रवाई और जनभागीदारी को महत्वपूर्ण बताया।
श्री यादव ने दिल्ली सरकार की वायु प्रदूषण शमन कार्ययोजना की समीक्षा करते हुए सोमवार को सर्दियों से पहले और उसके दौरान किए जाने वाले उपायों तथा जमीन पर उनकी प्रगति का जायजा लिया। बैठक में दिल्ली के पर्यावरण, वन एवं वन्यजीव मंत्री सरदार मनजिंदर सिंह सिरसा, लोक निर्माण विभाग के मंत्री प्रवेश सिंह वर्मा तथा केंद्र और दिल्ली सरकार के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।
उन्होंने दिल्ली में चिन्हित 37 प्रदूषण हॉटस्पॉट पर 10 अक्टूबर तक जनभागीदारी कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश देते हुए प्रत्येक हॉटस्पॉट के लिए कार्रवाई योग्य बिंदु तय करने और उनके क्रियान्वयन की करीबी निगरानी करने को कहा। जनप्रतिनिधि इन हॉटस्पॉट का दौरा कर धरातल पर प्रदूषण नियंत्रण उपायों की समीक्षा करेंगे।
केंद्रीय मंत्री ने कृषि गतिविधियों से होने वाले प्रदूषण से निपटने के लिए केंद्रीय कृषि मंत्री तथा राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र के राज्यों के कृषि मंत्रियों के साथ बैठक करने की जरूरत बतायी। उन्होंने दिल्ली और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र के अन्य अधिकारियों के साथ हुई चर्चाओं को ठोस कार्रवाई बिंदुओं में बदलने तथा 10 अक्टूबर से पहले राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र के लिए कार्ययोजनाओं को अंतिम रूप देने पर जोर दिया।
श्री यादव ने प्रदूषण के विभिन्न स्रोतों और क्षेत्रों में समन्वित कार्रवाई तथा जागरूकता बढ़ाने की आवश्यकता पर भी बल दिया। उन्होंने नागरिकों को उठाए जा रहे कदमों की जानकारी देने और उन्हें वायु गुणवत्ता सुधारने में सक्रिय भागीदार बनाने की जरूरत बतायी।
श्रीमती गुप्ता ने वायु गुणवत्ता सुधारने लिए गए निर्णयों और चिन्हित कार्रवाई बिंदुओं का धरातल पर प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने की आवश्यकता बतायी। उन्होंने एजेंसियों के बीच, विशेष रूप से प्रवर्तन और यातायात प्रबंधन के क्षेत्र में बेहतर समन्वय तथा निर्माण स्थलों पर कैमरों सहित प्रौद्योगिकी के अधिक इस्तेमाल पर जोर दिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित