नयी दिल्ली , मई 29 -- पश्चिमी दिल्ली के राजौरी गार्डन में रिंग रोड पर शुक्रवार को तड़के तेज रफ्तार होंडा सिटी कार की चपेट में आने से 40 वर्षीय अज्ञात व्यक्ति की मौत हो गई।
पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने आरोपी कार चालक की पहचान दिल्ली के शालीमार बाग निवासी 19 साल के दक्ष मौर्य के रूप में की है।
पुलिस के अनुसार सुबह करीब 3:40 बजे एक पीसीआर कॉल मिली, जिसमें रिंग रोड पर राजौरी गार्डन और मायापुरी के बीच मार्बल मार्केट इलाके में वृंदावन स्टोन शॉप के पास एक सड़क दुर्घटना की सूचना दी गई थी।
पुलिस जब मौके पर पहुंची, तो उन्होंने सड़क पर एक अज्ञात व्यक्ति को बेहोश पड़ा पाया। पीड़ित के पास से पहचान से जुड़े कोई भी कागजात बरामद नहीं हुए। घटनास्थल का मुआयना करने के लिए मोबाइल क्राइम टीम को बुलाया गया और घायल व्यक्ति को तुरंत एम्बुलेंस से दीन दयाल उपाध्याय अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पीसीआर कॉलर गुलशन ने जांच के दौरान पुलिस को बताया कि उसने दुर्घटनास्थल से लगभग 250 मीटर आगे सड़क किनारे एक दुर्घटनाग्रस्त वाहन खड़ा देखा था। पुलिस ने इस सूचना पर कार्रवाई करते हुए सड़क किनारे खड़ी एक सुनहरे-भूरे रंग की होंडा सिटी कार को ढूंढ निकाला और उसे जब्त कर लिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित