नयी दिल्ली , मई 13 -- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश भर के नागरिकों से पेट्रोल और डीजल वाहनों के उपयोग को कम करने और सार्वजनिक परिवहन अपनाने की राष्ट्रव्यापी अपील के अनुरूप दिल्ली के परिवहन मंत्री डॉक्टर पंकज कुमार सिंह ने बुधवार को राष्ट्रीय राजधानी में विकासपुरी से दिल्ली सचिवालय तक इलेक्ट्रिक डीटीसी बस से यात्रा की।

परिवहन मंत्री ने यात्रियों से सीधी बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और सार्वजनिक परिवहन सेवाओं की जमीनी स्तर पर कामकाज का जायजा भी लिया। उन्होंने दोहराया कि दिल्ली सरकार राजधानी में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को और अधिक मजबूत करने और यात्रियों को बेहतर सुविधाएं सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध है।

डॉक्टर सिंह ने दिल्ली वासियों से अधिकाधिक बसों और मेट्रो सेवाओं का उपयोग करने के साथ ही निजी वाहनों पर निर्भरता कम करने की अपील की। उन्होंने कहा कि परिवहन विभाग जनता की समस्याओं के प्रति लगातार सजग और संवेदनशील है, ताकि यात्रियों को सार्वजनिक परिवहन की अधिकतम सुविधा उपलब्ध कराई जा सके। उन्होंने जोर दिया कि प्रदूषण कम करने, जीवाश्म ईंधनों पर निर्भरता घटाने के साथ स्वच्छ और हरित दिल्ली के निर्माण के लिए सार्वजनिक परिवहन और इलेक्ट्रिक मोबिलिटी की तरफ बढ़ना बेहद जरूरी है। उन्होंने बताया कि दिल्ली सरकार स्वच्छ और सतत परिवहन व्यवस्था को बढ़ावा देने के लिए इलेक्ट्रिक और वातानुकूलित बसों के बेड़े का लगातार तेजी से विस्तार कर रही है।

ईंधन की संभावित कमी से जुड़ी चिंताओं से संबंधित पूछे गए एक सवाल पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए डॉक्टर सिंह ने स्पष्ट किया कि पेट्रोल या डीजल की कोई कमी नहीं है और नागरिकों को भी चिंता करने की कोई जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा कि ईवी अपनाने और सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा देने के पीछे का मुख्य उद्देश्य धीरे-धीरे पेट्रोल और डीजल पर निर्भरता कम करना, प्रदूषण घटाना और राजधानी दिल्ली में पर्यावरण-अनुकूल परिवहन प्रणाली को और अधिक मजबूत बनाना है।

उन्होंने कहा कि सरकार का पूरा ध्यान स्वच्छ दिल्ली और स्वच्छ भारत के विजन को साकार करने पर केंद्रित है, जिसमें स्वच्छ परिवहन प्रणाली बेहतर पर्यावरणीय स्थितियों और बेहतर सार्वजनिक स्वास्थ्य परिणामों में योगदान देती हैं।

सार्वजनिक परिवहन में यात्रा करने और यात्रियों से सीधी बातचीत करने के अपने अनुभव को साझा करते हुए डॉक्टर सिंह ने कहा कि कई यात्रियों ने समय पर बस सेवाओं की सुविधाओं की सराहना की, जबकि कुछ लोगों ने यह बताया कि कई बार बस ड्राइवर निर्धारित स्थानों पर बसें नहीं रोकते हैं। उन्होंने बताया कि ऐसी समस्याओं का समाधान करने और यात्रियों के अनुभव को और बेहतर बनाने के लिए ड्राइवरों और संबंधित अधिकारियों को सभी आवश्यक निर्देश जारी किए जा चुके हैं।

परिवहन मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व वाली दिल्ली कैबिनेट ने यह निर्णय लिया है कि मंत्रीगण स्वयं नियमित रूप से बसों और मेट्रो में यात्रा करेंगे। इससे हमें दिल्ली की जनता की शिकायत और समस्याओं को सीधे तौर पर समझने और उनसे जुड़े मुद्दों का समय पर समाधान सुनिश्चित करने में भी मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि नीति-निर्माता कमियों की प्रभावी ढंग से पहचान और व्यावहारिक सुधारों की दिशा में काम कर सकते हैं, जब वे खुद सार्वजनिक सेवाओं का उपयोग करें।

विपक्ष की आलोचनाओं पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए डॉक्टर सिंह ने कहा कि दिल्ली सरकार राजनीतिक बयानबाज़ी के बजाय विकास कार्यों और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार की प्राथमिकता दिल्ली के प्रत्येक नागरिक को सुरक्षित, विश्वसनीय और सुलभ सार्वजनिक परिवहन उपलब्ध कराना है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित