नयी दिल्ली , मार्च 22 -- पश्चिमी दिल्ली के जनकपुरी में शराब पीकर गाड़ी चलाने को लेकर नियमित जांच के दौरान एक कार से टक्कर लगने से एक ट्रैफिक कांस्टेबल घायल हो गया।
पुलिस के अनुसार, यह घटना शनिवार शाम करीब 5:52 बजे लाल साई मार्ग पर भारती कॉलेज के पास घटित हुई, जहां उप निरीक्षक (एसआई) गुरदीप सिंह और कांस्टेबल मोहन पाल शराब पीकर गाड़ी चलाने वालों के खिलाफ एक विशेष अभियान चला रहे थे।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि टीम ने शक के आधार पर राजस्थान रजिस्ट्रेशन नंबर वाली एक सैंट्रो कार को रुकने का इशारा किया था, तो कार चालक ने भागने की कोशिश की। काल चालक की पहचान द्वारका के बगडोला निवासी नीलेश कुमार के रूप में हुई है। इस दौरान वह कार पर नियंत्रण खो बैठा और और सीधे कांस्टेबल से जा टकराया।
टक्कर लगने से कांस्टेबल कार के बोनट पर जा गिरा और कई मीटर तक घिसटता रहा, जिसके बाद वह सड़क पर जा गिरा। अधिकारी ने बताया, "वहां मौजूद लोगों की मदद से यातायात कर्मियों ने गाड़ी को रोकने में कामयाबी हासिल की। इसके बाद कार को मौके पर ही जब्त कर लिया गया।"गौरतलब है कि कुछ ही दिन पहले भी इसी तरह का मामला तमिलनाडु में सामने आया था। उस समय बेंगलुरु से शराब और बैन गुटखा की कथित तौर पर तस्करी कर रहे एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया था। उस पर आरोप था कि उसने अपनी कार से एक हेड कांस्टेबल को टक्कर मारी और उसे करीब चार किलोमीटर तक घसीटा, जबकि वह अधिकारी कार के बोनट से लटका हुआ था। यह घटना होसुर के पास जुजुवाड़ी चेकपोस्ट पर घटित हुई थी, जो तमिलनाडु-कर्नाटक सीमा पर स्थित है। उस समय हुडको पुलिस स्टेशन की एक टीम गाड़ियों की चेकिंग कर रही थी। पुलिस ने आरोपी की पहचान 34 वर्षीय यारप भाषा के रूप में की थी, जो कर्नाटक के कालेकुंडा का रहने वाला है।
पुलिस निरीक्षक सैयद मुबारक के अनुसार, ड्राइवर को गाड़ी रोकने का इशारा किए जानने के बावजूद उसने गाड़ी नहीं रोकी। तलाशी के दौरान, कार ने हेड कांस्टेबल राजीव गांधी को टक्कर मार दी, जिसके बाद वह कार के बोनट से लटक गए और कार तेज़ी से आगे बढ़ गयी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित