नयी दिल्ली , मार्च 10 -- दिल्ली के परिवहन मंत्री डॉक्टर पंकज कुमार सिंह ने कहा है कि दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में दिल्ली के ईवी फ्लीट को मजबूत करना हमारी सबसे बड़ी प्राथमिकता है, ताकि पर्यावरण के अनुकूल और यात्रियों के लिए बेहद सुविधाजनक परिवहन व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके।

डॉक्टर पंकज ने आज परिवहन विभाग और दिल्ली परिवहन निगम (डीटीसी) के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की जिसमें राजधानी में इलेक्ट्रिक बसों के बेड़े के विस्तार, ईवी चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर और प्रमुख परिवहन इंफ्रास्ट्रक्चर योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गयी। इस दौरान अधिकारियों ने मंत्री महोदय को अवगत कराया कि दिल्ली में अभी कुल 4000 से अधिक ईवी बसों का संचालन हो रहा है और इसी महीने मार्च में और 200 नई इलेक्ट्रिक बसों को बेड़े में शामिल किया जाएगा, जिससे दिल्ली का ईवी बस प्लीट और शहर का क्लीन मोबिलिटी नेटवर्क और ज्यादा मजबूत होगा। इस साल के आखिर तक राजधानी दिल्ली का इलेक्ट्रिक बस बेड़ा 7,500 बसों तक पहुंचने का लक्ष्य है, जो दिल्ली के सतत जन परिवहन की दिशा में एक मील का पत्थर साबित होगा।

उन्होंने कहा कि दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में दिल्ली के ईवी फ्लीट को मजबूत करना हमारी सबसे बड़ी प्राथमिकता है, ताकि पर्यावरण के अनुकूल और यात्रियों के लिए बेहद सुविधाजनक परिवहन व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके। उन्होंने परिवहन विभाग को यह निर्देश दिया कि वह अर्बन एक्सटेंशन रोड-II (यूईआर-II) कॉरिडोर पर एक नया डीटीसी डिपो बनाने के लिए व्यवहार्यता आकलन करे, ताकि इस क्षेत्र में तेजी से हो रहे शहरी विस्तार और बढ़ती परिवहन मांग को ध्यान में रखते हुए बेहतर ट्रांसपोर्ट सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित