नयी दिल्ली , अक्टूबर 10 -- दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शनिवार को राजधानी में हुए विरोध-प्रदर्शन को लेकर कहा कि यहाँ की सड़कों पर आज जो कुछ हुआ, वह अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है।
श्रीमती रेखा गुप्ता ने आरोप लगाया कि कांग्रेस, आप, वाम और कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) से जुड़े लोगों ने विरोध के नाम पर खुलेआम तांडव किया और शांति व्यवस्था बनाए रखने में जुटी दिल्ली पुलिस तथा सुरक्षा बलों को उकसाने का प्रयास किया।
उन्होंने कहा कि प्रदर्शनकारियों की ओर से जानबूझकर टकराव की स्थिति पैदा करने की कोशिश की गई। उन्होंने दिल्लीवासियों से इस कठिन समय में धैर्य और समझदारी बनाए रखने के लिए आभार जताते हुए कहा कि आंदोलनकारियों ने राजधानी के सौहार्दपूर्ण माहौल को खराब करने का पूरा प्रयास किया, लेकिन पुलिस और सुरक्षा बलों की कर्तव्यनिष्ठा के कारण स्थिति नियंत्रण में रही।
मुख्यमंत्री ने दिल्ली पुलिस के जवानों की विशेष रूप से सराहना की। उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मियों ने अपना धैर्य नहीं खोया और पूरी जिम्मेदारी तथा सूझबूझ के साथ परिस्थितियों को संभाला। उन्होंने कहा कि सुरक्षा बलों ने आम नागरिकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी और स्थिति को बिगड़ने से रोकने के लिए संयम के साथ काम किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित