नयी दिल्ली , सितंबर 29 -- दिल्ली प्रदेश कांग्रेस ने आम आदमी पार्टी (आप) नेता अरविंद केजरीवाल के दिल्ली की सड़कों को लेकर दिये बयान पर निशाना साधते हुए कहा कि दस साल की आप सरकार ने सड़कों पर पेचवर्क और फ्लाईओवर की मरम्मत के नाम पर करोड़ों रुपये खर्च किये, लेकिन स्थायी समाधान नहीं किया।

दिल्ली प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने कहा कि श्री केजरीवाल का यह कहना कि उनकी सरकार में सड़कें पांच साल चलती थीं, दिल्ली के बुनियादी ढांचे की बदहाली को स्वीकार करने जैसा है। उन्होंने कहा कि दिल्ली में सड़क, सीवर, नालियां, स्कूल और अस्पताल समेत बुनियादी सुविधाओं की स्थिति खराब है। भाजपा ने सत्ता में आने से पहले बदहाली दूर करने का वादा किया था, लेकिन करीब दो वर्ष बाद भी सड़क, सीवर, जलभराव, यमुना सफाई, प्रदूषण और विकास से जुड़े मुद्दों पर घोषणाओं के अलावा ठोस काम नहीं हुआ।

उन्होंने कहा कि आप और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) जनता के मुद्दों से हटकर आपसी राजनीतिक संघर्ष में लगी हैं। सीलिंग, तोड़फोड़ और बुलडोजर कार्रवाई से लोग परेशान हैं। उन्होंने भाजपा सरकार से सड़कों की मरम्मत और निर्माण पर विशेष ध्यान देकर दुर्घटनाओं और यातायात जाम की समस्या कम करने की मांग की। उन्होंने दोनों दलों पर महिला सुरक्षा और अन्य जनसमस्याओं की अनदेखी का भी आरोप लगाया।

ग़ौरतलब है कि श्री केजरीवाल ने दिल्ली में सड़क निर्माण में कथित भ्रष्टाचार का मुद्दा उठाया और कहा कि उनकी पार्टी ने भी 10 साल दिल्ली में सरकार चलायी, लेकिन इस तरह की सड़क कभी नहीं बनी थी। आप की सरकार के समय में जो सड़कें बनती थीं, उनकी 5-5 साल की गारंटी होती थी और आज जो सड़कें बन रही हैं वो हाथ से उखड़ रही हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित