नयी दिल्ली , मई 04 -- दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोमवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं केंद्र सरकार की विकास नीतियों का लाभ अब पश्चिम बंगाल को भी मिलेगा और वह दिल्ली की तरह विकास के पथ पर तेजी से आगे बढ़ेगा।

श्रीमती गुप्ता ने आज पश्चिम बंगाल और असम में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की प्रचंड जीत पर हर्ष व्यक्त करते हुए इसे देश की जनता के विश्वास और श्री मोदी के नेतृत्व में चल रही जनकल्याणकारी नीतियों की स्पष्ट स्वीकृति कहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री एवं केंद्र सरकार की विकास नीतियों का लाभ अब पश्चिम बंगाल को भी मिलेगा और वह दिल्ली की तरह विकास के पथ पर तेजी से आगे बढ़ेगा।

उन्होंने पार्टी की जीत पर यहां सचिवालय में अपने मंत्रिमंडल के सहयोगियों के साथ इस जीत का उत्सव मनाया, सभी ने एक-दूसरे को झालमुड़ी और रसगुल्ला खिलाकर खुशी साझा की। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले समय में भी देश की जनता विकास, स्थिरता और सुशासन के पक्ष में इसी प्रकार अपना समर्थन देती रहेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह जीत केवल राजनीतिक सफलता नहीं, बल्कि देश के बदलते मनोभाव का प्रतीक है। अब देश की जनता झूठे नारों, भ्रम फैलाने वाली राजनीति और तथाकथित धर्मनिरपेक्षता के खोखले दावों से ऊपर उठकर ठोस विकास, पारदर्शिता और परिणाम आधारित शासन को प्राथमिकता दे रही है। देश ने 'सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास' के मंत्र को व्यवहार में उतारा है, जिसका असर आज हर राज्य और हर वर्ग में स्पष्ट रूप से देखा जा सकता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार की जनधन योजना, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत, डिजिटल इंडिया और आत्मनिर्भर भारत जैसे अभियानों ने आमजन के जीवन में वास्तविक परिवर्तन आया है। गरीब, किसान, महिला और युवा, सभी वर्गों को सशक्त बनाने की दिशा में जो कार्य हुए हैं, उन्होंने देश की विकास यात्रा को नयी गति दी है। साथ ही, अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत की बढ़ती साख और मजबूत नेतृत्व ने देश की छवि को और सुदृढ़ किया है।

उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा की नीति केवल चुनावी जीत तक सीमित नहीं है, बल्कि हर राज्य में संतुलित और समान विकास सुनिश्चित करना उसका लक्ष्य है। पूर्वोत्तर से लेकर पूर्वी भारत तक बुनियादी ढांचे, कनेक्टिविटी और रोजगार के अवसरों में जो अभूतपूर्व वृद्धि हुई है, वही इन चुनाव परिणामों में परिलक्षित हो रही है। मुख्यमंत्री के अनुसार पश्चिम बंगाल सरकार ने केंद्र की अधिकतर विकास योजनाओं को लागू ही नहीं किया था। अब राज्य के नागरिक केंद्र की नीतियों का लाभ भी पाएंगे, जिससे उनके जीवन स्तर में प्रभावी सुधार होगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित