नयी दिल्ली , अप्रैल 29 -- दिल्ली प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर आरोप लगाया कि नारी वंदन अधिनियम के मुद्दे पर बुलाया गया विधानसभा का एक दिवसीय विशेष सत्र महिलाओं और जनता को गुमराह करने के लिए था।
श्री यादव ने कहा कि 2023 में पारित इस कानून में लोकसभा और विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान है, फिर भी दिल्ली सरकार इसे लागू करने के बजाय राजनीति कर रही है। उन्होंने दावा किया कि 2014 के बाद महिलाओं के खिलाफ अपराधों में बढ़ोतरी हुई है।
एनसीईआरबी के आंकड़ों का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि 2022 में 4.45 लाख से अधिक मामले दर्ज हुए और 2023 में भी वृद्धि जारी रही। उन्होंने दिल्ली में महिला सुरक्षा को लेकर भाजपा सरकार को विफल बताया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि केंद्र सरकार परिसीमन के जरिए अपने राजनीतिक एजेंडे को आगे बढ़ाना चाहती है।
कांग्रेस नेता ने कहा कि महिला आरक्षण को लेकर भाजपा की नीति दोहरी है, जबकि कांग्रेस ने ऐतिहासिक रूप से महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए ठोस कदम उठाए हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित