नयी दिल्ली: , अप्रैल 24 -- दिल्ली प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता डॉ. नरेश कुमार ने सरकार से टिकरी बॉर्डर पर प्रस्तावित अंतरराज्यीय बस अड्डा (आईएसबीटी) परियोजना को शीघ्र शुरू करने की मांग की है और इस संबंध में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता तथा उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू को ज्ञापन सौंपा है।
डॉ कुमार ने शुक्रवार को यहां संवाददाताओं से बातचीत करते हुए कहा कि जनसुविधाओं से जुड़ी महत्वपूर्ण परियोजनाओं को लंबित रखना दिल्ली की जनता के साथ अन्याय है। उन्होंने कहा कि टिकरी बॉर्डर पर आईएसबीटी की घोषणा पूर्व सरकार के कार्यकाल में 12 और 13 जून 2024 को की गई थी। इस परियोजना का मुख्य उद्देश्य हरियाणा की ओर जाने वाली अंतरराज्यीय बसों को व्यवस्थित करना, कश्मीरी गेट आईएसबीटी पर बढ़ते दबाव को कम करना, ट्रैफिक जाम में कमी लाना और दिल्ली में वायु प्रदूषण पर नियंत्रण करना था।
उन्होंने कहा कि इसके लिए लगभग 10 एकड़ भूमि निर्धारित की गई थी, जो पहले तुड़ा मंडी के लिए चिह्नित थी। उन्होंने मांग की कि उक्त भूमि का उपयोग तत्काल आईएसबीटी परियोजना के लिए किया जाए, ताकि लंबे समय से लंबित इस योजना को धरातल पर उतारा जा सके। उन्होंने कहा कि इस योजना के लागू होने से हरियाणा, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, राजस्थान और चंडीगढ़ से आने वाली बसों का संचालन बाहरी क्षेत्र से ही सुचारु रूप से किया जा सकेगा। इससे दिल्ली के भीतर अनावश्यक दबाव कम होगा, ट्रैफिक जाम और प्रदूषण से राहत मिलेगी तथा यात्रियों को बेहतर सुविधा प्राप्त होगी। यह आईएसबीटी दिल्ली देहात के लिए जीवन रेखा की तरह काम करेगा और बाहरी दिल्ली के लाखों लोगों को सीधा लाभ पहुंचाएगा।
डॉ. कुमार ने कहा कि सरकार बदलने के बाद इस महत्वपूर्ण परियोजना को नजरअंदाज कर दिया गया और चौदह महीने बीत जाने के बावजूद कोई गंभीर प्रगति सामने नहीं आई। उन्होंने कहा कि यदि कोई परियोजना जनहित से जुड़ी हो तो उसे राजनीतिक मतभेदों की भेंट नहीं चढ़ाया जाना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि जिस तरह जनहित में शुरू किए गए मोहल्ला क्लीनिक बंद कर दिए गए, उसी तरह अब इस बस टर्मिनल परियोजना को भी भाजपा सरकार ठंडे बस्ते में डालना चाहती है।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं की गई तो दिल्ली कांग्रेस मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के खिलाफ बड़े पैमाने पर सड़कों पर उतरकर आंदोलन करेगी, जिसकी जिम्मेदारी सरकार की होगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित