नयी दिल्ली , जनवरी 21 -- दिल्ली प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष देवेन्द्र यादव ने बुधवार को किराड़ी विधानसभा क्षेत्र में शर्मा एन्कलेव का दौरा किया। श्री यादव ने इलाके में जलभराव एवं घरों में दूषित पानी घुसने की बात कही।

किराड़ी विधानसभा क्षेत्र में जलभराव का आरोप लगाते हुए श्री यादव ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी और आम आदमी पार्टी के कारण 10 हज़ार लोग नरकीय जीवन जीने के लिए मजबूर है। उन्होंने कहा कि शर्मा एन्कलेव के लोगों द्वारा शिकायतें प्राप्त होने के बाद उनकी दयनीय स्थिति को देखने मैं यहां आया हूँ, यहां हर गली में प्रदूषित पानी भरा हुआ है। उन्होंने आश्चर्य व्यक्त किया कि ऐसी परिस्थितियों लोग कैसे अपना जीवन व्यतीत कर रहे है।

श्री यादव ने विधायक और दिल्ली नगर निगम पर निशाना साधते हुए कहा कि पानी की निकासी पूरी तरह बंद हो गई है और कॉलोनी की लगभग 150 गलियों में 3.4 फीट पानी भरने से यहां की 10 हजार की आबादी प्रभावित होकर बीमारियों का सामना कर रही है। उन्होंने दिल्ली की मुख्यमंत्री और दिल्ली के उपराज्यपाल को पत्र लिखकर तत्काल हस्तक्षेप करने की मांग की है ताकि यहां के लोगों को राहत मिल सके।

श्री यादव ने उनसे अनुरोध किया कि डीडीए की जमीन को लोगों के लिए पार्क या अन्य सार्वजनिक सुविधाएं बनाने के लिए विकसित करें तथा डीडीए एवं अन्य विभागों को मलबे को हटाने सहित भविष्य में मलबा फेंकने से रोकने का आदेश दें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित