रायपुर , फरवरी 27 -- राष्ट्रीय राजधानी की एक अदालत ने शुक्रवार को कथित आबकारी नीति घोटाले मामले में आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल, वरिष्ठ नेता मनीष सिसोदिया और अन्य 21 आरोपियों को बरी करने पर छत्तीसगढ में जश्न मनाया गया।

केन्द्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) की विशेष अदालत ने यह फैसला सुनाते हुए सभी आरोपियों को बाइज्जत बरी किया गया। इस फैसले के बाद देशभर में पार्टी कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर है और छत्तीसगढ़ में भी जोरदार जश्न मनाया जा रहा है।

छत्तीसगढ़ में आप ने आज बताया कि अदालत के इस फैसले के बाद श्री केजरीवाल ने कहा कि उनके खिलाफ झूठा केस बनाया गया था और आज सच्चाई की जीत हुई है। उन्होंने कहा, "मैंने जीवन में ईमानदारी कमाई है। आज अदालत ने साबित कर दिया कि अरविंद केजरीवाल, मनीष सिसोदिया और आम आदमी पार्टी ईमानदार हैं।" उन्होंने प्रधानमंत्री पर लोकतंत्र और संविधान के साथ खिलवाड़ करने का आरोप लगाते हुए कहा कि इस तरह की राजनीति से देश को कोई फायदा नहीं होता।

गौरतलब है कि प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने 21 मार्च 2024 को केजरीवाल को गिरफ्तार किया था। इसके बाद 26 जून 2024 को सीबीआई ने उन्हें जेल से हिरासत में लिया था। उच्चतम न्यायालय ने 23 जुलाई 2024 को सीबीआई मामले में केजरीवाल को जमानत दी थी, जिसके बाद वह जेल से बाहर आए थे। लगभग दो साल तक चली इस कानूनी लड़ाई के बाद आज अदालत ने सभी आरोपियों को बरी कर दिया।

आप के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष उत्तम जायसवाल ने इस फैसले को बाबा साहेब भीमराव आंबेडकर के संविधान की जीत बताया है। उन्होंने कहा कि पार्टी के वरिष्ठ नेताओं को षड्यंत्र के तहत झूठे मामलों में फंसाया गया था। उन्होंने कहा, "यह सिर्फ दो नेताओं की जीत नहीं, बल्कि सत्य, संघर्ष और ईमानदार राजनीति की जीत है। यह फैसला लोकतंत्र और न्याय व्यवस्था पर लोगों के विश्वास को मजबूत करने वाला है।"राज्य में आप कार्यालय और कार्यकर्ताओं के बीच इस फैसले को लेकर जबरदस्त उत्साह है। प्रदेश भर के कार्यकर्ता एक-दूसरे को मिठाई खिला रहे हैं और नेताओं के समर्थन में नारे लगा रहे हैं।

श्री जायसवाल ने कहा कि केन्द्र सरकार ने विपक्षी दलों के नेताओं को निशाना बनाने की जो राजनीति शुरू की थी, आज अदालत ने उसे खारिज कर दिया है। उन्होंने कहा, "छत्तीसगढ़ की जनता ने हमेशा सच और ईमानदारी का साथ दिया है। आज का फैसला बताता है कि सच की हमेशा जीत होती है।" उन्होंने प्रदेश के सभी कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे इस जीत को जनता के बीच लेकर जाएं और उन्हें बताएं कि कैसे झूठे आरोपों में नेताओं को फंसाने की साजिश हुई थी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित