नयी दिल्ली , मार्च 29 -- दिल्ली पुलिस के अपराध विभाग ने एक अंतरराज्यीय हथियार तस्कर को गिरफ्तार किया है। यह 52 वर्षीय तस्कर दिल्ली, हरियाणा और उत्तर प्रदेश में सक्रिय अपराधी गिरोहों को अवैध हथियार सप्लाई करता था।
पुलिस के अनुसार, उत्तर प्रदेश के शामली निवासी आरोपी मोहम्मद इसरार अगस्त 2024 से आर्म्स एक्ट के तहत दर्ज एक मामले में फरार चल रहा था। अदालत ने उसे 'भगोड़ा' (पीओ) घोषित किया था और दिल्ली-हरियाणा पुलिस की ओर से उस पर इनाम भी घोषित था।
अपराध विभाग के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) हर्ष इंदोरा ने बताया कि सटीक खुफिया जानकारी के आधार पर एंटी-गैंगस्टर स्क्वाड ने इसरार को दिल्ली-लोनी सीमा पर पकड़ा। गिरफ्तारी के समय उसके पास से एक सिंगल-शॉट पिस्तौल बरामद की गयी।
अधिकारी ने बताया कि इसरार हत्या, लूट जैसे गंभीर अपराधों में शामिल खूंखार अपराधियों को अवैध हथियार मुहैया कराने में मुख्य भूमिका निभाता था। जांच में सामने आया कि उसने अगस्त 2024 में पकड़े गये एक शूटर को भी हथियार दिया था।
डीसीपी ने बताया कि इस हथियार का इस्तेमाल हरियाणा के सोनीपत में एक व्यक्ति की प्रतिशोध में हत्या सहित कई हिंसक वारदातों में किया गया था। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, इसरार दिल्ली और हरियाणा में हत्या, सशस्त्र डकैती और आर्म्स एक्ट के कम से कम छह मामलों में शामिल है। वह 2017 में जींद में हुई लूट और हत्या तथा 2018 में एक बैंक डकैती के मामले में भी वांछित था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित