कोटा , सितंबर 28 -- राजस्थान के शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्म दिन के उपलक्ष्य पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) द्वारा चलाये जा रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत अपने विधानसभा क्षेत्र रामगंजमंडी में निकाली जा रही सेवा संकल्प एवं स्वच्छता अभियान पदयात्रा में सोमवार को सफाई व्यवस्था का जायजा लिया और असक कली गांव में सफाई को लेकर नाराजगी जताते हुए जांच के निर्देश दिये।

इससे पहले सुबह पदयात्रा पांचवें दिन ग्राम पंचायत असक कली से प्रारंभ हुई और श्री दिलावर पद यात्रियों के साथ गांव की गलियों में पहुंच गये। गांव में झाड़ू लगा रही सफाईकर्मियों से उनके वेतन भुगतान और सफाई में लगे कर्मचारियों की संख्या सहित विभिन्न जानकारियां ली। इसके बाद मौके पर ही मौजूद ग्राम विकास अधिकारी अजीत सिंह से वेतन भुगतान के बारे में पूछा और उन्हें ऑनलाइन भुगतान की रसीद व्हाट्सएप पर दिखाने को बोला लेकिन विकास अधिकारी कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे पाये और बताया कि एक दिन एक वार्ड में दूसरे दिन दूसरे वार्ड में ऐसे बारी-बारी से सफाई की जाती हैं।

इस पर श्री दिलावर ने नाराजगी जताते हुए कहा कि कहा कि लेकिन हमने तो प्रतिदिन हर क्षेत्र की सफाई करने का निर्देश दिया हुआ है। इस पर विकास अधिकारी ने कहा कि कर्मचारियों की संख्या बढ़ाएंगे और अब प्रतिदिन गांव में सफाई कराएंगे। इस पर श्री दिलावर ने खंड विकास अधिकारी समय सिंह मीणा को निर्देश दिये कि वह ग्राम विकास अधिकारी के काम से संतुष्ट नहीं हैं और गांवमें गंदगी दिख रही है, पूरे मामले की जांच कर रिपोर्ट करें।

इसके बाद श्री दिलावर की पदयात्रा का काफिला अगले गांव के लिए रवाना हो गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित