कोटा , जनवरी 13 -- राजस्थान में शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर ने मंगलवार को कोटा जिले के रामगंजमंडी के रीको औद्योगिक क्षेत्र फतेहपुर में 23 से 25 जनवरी तक आयोजित होने वाली बागेश्वर धाम के पंडित आचार्य धीरेंद्र शास्त्री की कथा के आयोजन स्थल पर व्यवस्था का जायजा लिया।
श्री दिलावर ने कथा स्थल पर पूजा अर्चना कर पंडाल लगाने के कार्य का शुभारंभ किया। उन्होंने कथा स्थल पर घूम कर एक-एक व्यवस्थाओं का जायजा लिया और उनको दुरुस्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने पार्किंग व्यवस्था को सुगम बनाने के लिए विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि 400 बीघा में जमीन को समतल कर वाहन पार्किंग की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए और पार्किंग में प्रवेश के लिए चारों तरफ से मार्ग बनाए जाएं ताकि पार्किंग में जाम की स्थिति नहीं बने और लोगों को तकलीफ ना हो।
श्री दिलावर ने कथा स्थल,पार्किंग तथा पूरे प्रवेश मार्गों पर प्रकाश की व्यवस्था को सुनिश्चित करने की भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी जगह पर आवश्यकता अनुसार बड़ी-बड़ी लाइट लगाई जाए क्षेत्र में कहीं भी अंधेरा या कम प्रकाश जैसी स्थिति नहीं होनी चाहिए। कथा स्थल पर आवास की व्यवस्था और विशेष कर महिलाओं के लिए स्नानागार बनाए जाने वाले स्थान को मंत्री ने स्वयं जाकर देखा तथा महिलाओं के स्नान के लिए पक्के व साफ तथा कीचड़ मुक्त स्नानागार बनाने की निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि यहां बागेश्वर धाम के आचार्य धीरेंद्र शास्त्री द्वारा की जा रही कथाओं में देश की सबसे बड़ी कथा होने वाली है जिसमें पांच से लेकर सात लाख लोगों के आने का अनुमान है। ऐसी स्थिति में हमें हर तरह से सभी तैयारियां को सुनिश्चित करना है ताकि यहां आने वाले मेहमान जब यहां से जाएं तो उन्हें किसी तरह की कोई शिकायत ना हो।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित