फगवाड़ा , अक्टूबर 16 -- पंजाब में फिल्लौर पुलिस ने पंजाबी गायक एवं अभिनेता दिलजीत दोसांझ के पैतृक गांवदोसांझ कलां में एक मकान की दीवार पर खालिस्तान समर्थक नारे लिखने के आरोप में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है।
आरोपियों की पहचान मोगा जिले के निवासी लवप्रीत सिंह, प्रतपाल सिंह और शगनदीप सिंह के रूप में हुई है। पुलिस ने तीनों को 15 अक्टूबर को गिरफ्तार करने के बाद न्यायिक मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया, जहां से उन्हें पूछताछ के लिए दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया। फिल्लौर के डीएसपी भारत मसीह ने शुक्रवार को इन गिरफ्तारियों की पुष्टि की।
घटना सात अक्टूबर की है, जब दिलजीत दोसांझ के 'ऑरा इंडिया टूर' से पहले दोसांझ कलां गांव में अज्ञात व्यक्तियों ने कथित तौर पर एक मकान की दीवार पर स्प्रे पेंट से 'खालिस्तान जिंदाबाद' और अन्य नारे लिखे थे। दीवार पर गायक का नाम भी लिखा गया था, जिससे शुरुआत में यह अटकलें लगाई गईं कि मकान उनका है। बाद में स्पष्ट हुआ कि मकान दिलजीत दोसांझ का नहीं, बल्कि उनके पड़ोसी का है।
मकान मालिक मुख्तियार ने बताया था कि स्प्रे पेंट की गंध से उनकी नींद खुल गई। बाहर जाने पर उन्होंने कुछ लोगों को चेहरे ढके हुए देखा और उन्हें ऐसा करने पर टोका, जिसके बाद वे वहां से चले गए। बाद में दीवार देखने पर उन्हें खालिस्तान समर्थक नारे और नीचे गायक का नाम लिखा मिला। उनके अनुसार, संभव है कि आरोपियों ने उनके मकान को गलती से गायक का घर समझ लिया हो।
दिलजीत दोसांझ को खालिस्तान समर्थक तत्वों की ओर से पहले भी निशाना बनाए जाने के मामले सामने आए हैं। अक्टूबर 2025 में प्रतिबंधित संगठन सिख्स फॉर जस्टिस (एसएफजे) के प्रमुख गुरपतवंत सिंह पन्नू ने टीवी कार्यक्रम 'कौन बनेगा करोड़पति' में अभिनेता अमिताभ बच्चन के पैर छूने को लेकर गायक की आलोचना की थी।
श्री पन्नू ने इस व्यवहार को 1984 के सिख-विरोधी हिंसा के पीड़ितों का अपमान बताते हुए अकाल तख्त में उन्हें तलब करनेकी मांग की थी। उसने नवंबर 2025 में ऑस्ट्रेलिया में होने वाले दिलजीत के कार्यक्रम को बाधित करने की धमकी भी दी थी।
पुलिस की जांच में अब यह पता लगाने का प्रयास किया जाएगा कि कथित घटना के पीछे क्या मकसद था और इसमें आरोपियों की क्या भूमिका रही। आरोप अभी जांच के अधीन हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित