पाली , जुलाई 27 -- राजस्थान की उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने सोमवार को पाली जिले में मारवाड़ जंक्शन में लगभग 150 करोड़ की लागत से निर्मित एवं प्रस्तावित विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास किया।

इस अवसर पर मारवाड़ जंक्शन स्काई ओवर ब्रिज, रानी-भीमालिया सड़क, सवराड़ नदी पुल तथा सिरियारी नदी पुल सहित कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया गया। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि ये विकास कार्य क्षेत्र की सड़क संपर्क व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाएंगे तथा आवागमन को सुगम, सुरक्षित और तेज़ बनायेंगे।

उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं से मारवाड़ और मेवाड़ के बीच कनेक्टिविटी को नयी गति मिलेगी, जिससे दोनों क्षेत्रों के सामाजिक, आर्थिक और व्यावसायिक संबंध और अधिक सशक्त होंगे। साथ ही स्थानीय नागरिकों, व्यापार, कृषि गतिविधियों और क्षेत्रीय विकास को भी नई ऊर्जा प्राप्त होगी।

कार्यक्रम में मारवाड़ जंक्शन विधायक केसाराम चौधरी, पूर्व सांसद पुष्प जैन एवं अन्य गणमान्य लोग मौजूद थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित