नयी दिल्ली , अक्टूबर 09 -- राजस्थान की उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिलाओं एवं बालिकाओं के सशक्तिकरण के लिए संचालित योजनाओं और विभिन्न राज्यों में किये जा रहे प्रयासों को साझा किया।

श्रीमती दिया कुमारी ने आज यहां केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी की अध्यक्षता में आयोजित विभागीय शिखर सम्मेलन में 'बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ' अभियान एवं 'महिला सशक्तिकरण केंद्र' के क्रियान्वयन, उपलब्धियों और नवाचारों पर प्रस्तुतीकरण दिया।

सम्मेलन में श्रीमती दिया कुमारी ने राजस्थान का प्रतिनिधित्व करते हुए बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने, बेटियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने, महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक बनाने तथा उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में किये जा रहे कार्यों पर प्रकाश डाला।

उपमुख्यमंत्री ने योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, जनभागीदारी और विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय की आवश्यकता पर भी अपने विचार प्रस्तुत किये। उन्होंने कहा कि महिलाओं एवं बालिकाओं तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने, उनमें अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाने और उन्हें आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयास किये जा रहे हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित