जयपुर , अक्टूबर 24 -- राजस्थान की उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने शनिवार को जयपुर में 'नवरंग 2026' कार्यक्रम में महिला उद्यमियों द्वारा निर्मित विभिन्न उत्पादों का अवलोकन किया और उनके प्रयासों की सराहना की।
श्रीमती दिया कुमारी ने विद्याधर नगर में श्री माहेश्वरी महिला परिषद जयपुर की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में शिरकत की और महिला उद्यमियों के उत्पादों को सराहा। कार्यक्रम में महिला उद्यमियों ने अपने उत्पादों, कला और कौशल का प्रदर्शन किया। इस अवसर पर महिला उद्यमिता को प्रोत्साहित करने तथा महिलाओं को अपने उत्पादों की पहचान स्थापित करने के लिए मंच उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया। ऐसे आयोजन महिला उद्यमियों को नए अवसरों से जुड़ने, अपनी प्रतिभा को सामने लाने और व्यवसाय के विस्तार की दिशा में आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करते हैं।
कार्यक्रम में माहेश्वरी समाज अध्यक्ष उमेश , परिषद की अध्यक्ष स्नेहलता साबू एवं परिषद की अन्य पदाधिकारी मौजूद थी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित