जयपुर , जुलाई 13 -- राजस्थान की उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी ने सोमवार को जयपुर के किशनपोल बाजार स्थित विरासत संग्रहालय और प्रसिद्ध रवीन्द्र मंच का निरीक्षण कर वहां चल रहे जीर्णोद्धार, आधारभूत सुविधाओं और अन्य विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान सुश्री कुमारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी विकास कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर और तय गुणवत्ता मानकों के अनुरूप पूरे किए जाएं। उन्होंने कहा कि निर्माण और जीर्णोद्धार कार्यों में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाए।
श्रीमती कुमारी ने कहा कि राजस्थान की समृद्ध सांस्कृतिक, कलात्मक और ऐतिहासिक विरासत का संरक्षण राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। सरकार का संकल्प है कि ऐतिहासिक धरोहरों को संरक्षित रखते हुए उन्हें आधुनिक सुविधाओं से विकसित किया जाए, ताकि राज्य की सांस्कृतिक पहचान और अधिक मजबूत हो और देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों को विश्वस्तरीय अनुभव मिल सके।
उन्होंने अधिकारियों से विकास कार्यों की नियमित निगरानी करने और सभी परियोजनाओं को तय मानकों के अनुसार समय पर पूरा करने के निर्देश भी दिए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित