नागौर , अप्रैल 09 -- राजस्थान की उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने गुरुवार को नागौर जिले के मेड़ता क्षेत्र में लगभग 77.58 करोड़ की लागत की दो सड़क परियोजनाओं का लोकार्पण एवं एक परियोजना का शिलान्यास किया।
श्रीमती दिया कुमारी ने पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय रेण में आयोजित कार्यक्रम में यह सौगात दी। उनके स्वागत में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री ने कहा कि जनता की भी जिम्मेदारी है कि सरकार की दिशा में कदम से कदम मिलाकर काम करते हुए प्रदेश को आगे बढ़ाने में सहयोग करें। उन्होंने कहा कि महिलाओं को को खुश होना चाहिए कि उनके लिए संसद में भी आरक्षण मिलने वाला है। इसके लिए उन्हें दिवाली मनानी चाहिए।
उन्होंने कहा कि महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए हम मिलकर प्रयास करेंगे। उन्होंने मातृशक्ति को वंदन करते हुए कहा कि उनके लिए बहुत अच्छा अवसर आने वाला है।उन्होंने महिलाओं की बड़ी संख्या में उपस्थिति देखकर उनका आभार भी जताया। इस दौरान उन्होंने आमजन एवं मेड़ता विधायक की मांग पर विभिन्न ग्रामीण सड़कों का निर्माण कराने का भी आश्वासन देते हुए कहा कि वह विकास कार्यों में अपना शत प्रतिशत योगदान देंगी ।उन्होंने कहा कि मेड़ता में पैनोरमा का काम बेहतरीन तरीके से होगा।
श्रीमती दिया कुमारी ने कहा कि आगामी समय में भी खूब विकास कार्य किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि रेण में अजमेर- बीकानेर के राष्ट्रीय राजमार्ग 58 पर 870 मीटर लम्बे व 15 करोड़ की लागत से बने ओवरब्रिज से अजमेर, मेड़ता, नागौर व बीकानेर के आमजन को जाम से राहत मिलेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित