जयपुर , जून 03 -- राजस्थान की उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) कार्यकर्ताओं का सरकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया हैं।
श्रीमती दिया कुमारी बुधवार को जयपुर में विद्याधरनगर विधानसभा क्षेत्र के विद्याधरनगर मंडल के वार्ड संख्या आठ में आयोजित कार्यशाला में सहभागिता करते हुए 2.04 करोड़ रुपए की लागत से विभिन्न विकास कार्यों का शिलान्यास एवं लोकार्पण किया और इस अवसर पर यह आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि भाजपा की डबल इंजन सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों और लोक हितकारी निर्णयों को प्रभावी ढंग से आमजन तक पहुंचाना सभी कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता संगठन की सबसे बड़ी शक्ति हैं और सरकार की उपलब्धियों तथा जनता की अपेक्षाओं के बीच सशक्त सेतु का कार्य करते हैं।
इस अवसर पर उन्होंने जनप्रतिनिधियों, पार्टी पदाधिकारियों और स्थानीय नागरिकों से संवाद कर उन्हें शुभकामनाएं दी। कार्यशाला में मंडल अध्यक्ष राकेश अग्रवाल जी, वार्ड अध्यक्ष अमित शर्मा सहित कई पार्षद एवं अन्य लोग मौजूद थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित