जयपुर , अक्टूबर 20 -- राजस्थान की उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने महानवमी के अवसर पर मंगलवार को कन्या पूजन कर प्रदेश की प्रगति, प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
श्रीमती दिया कुमारी ने इस अवसर पर प्रदेशवासियों को दशहरा एवं राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आएसएस) के स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि त्योहार हमारी संस्कृति, परंपराओं और सामाजिक समरसता के प्रतीक हैं। ऐसे पावन अवसर समाज में सकारात्मकता, सद्भाव और एकजुटता का संदेश देते हैं।
इस अवसर पर मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि वह हर वर्ष महानवमी पर कन्या पूजन करती हैं। उन्होंने महिला सुरक्षा और सशक्तीकरण के मुद्दे पर कहा कि प्रदेश में महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सरकार गंभीरता से काम कर रही है। महिलाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने और उनके सशक्तीकरण के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। उन्होंने कन्या पूजन के माध्यम से महिला शक्ति के सम्मान और प्रदेश की सुख-समृद्धि का संदेश दिया।
उन्होंने पंचायत चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी की प्रचंड जीत का भरोसा जताते हुए कहा कि प्रदेश में भाजपा के पक्ष में माहौल है और पार्टी पंचायत चुनाव में बेहतर प्रदर्शन करेगी। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि राज्य सरकार की ओर से पिछले तीन वर्षों में किए गए विकास कार्यों का लाभ पार्टी को चुनाव में मिलेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित