जयपुर , अक्टूबर 17 -- राजस्थान की उपमुख्यमंत्री तथा महिला एवं बाल विकास मंत्री दिया कुमारी ने शनिवार को विद्याधर नगर की आंगनबाड़ी में शिशु संजीवनी का शुभारंभ किया।

श्रीमती दिया कुमारी ने कन्या पूजन कर कन्याओं को हलवा खिलाया और उन्हें उपहार भेंट किये। इस अवसर पर उन्होंने आंगनबाड़ी में केंद्र का अवलोकन भी किया।

इस अवसर पर उन्होंने कहा कि नंद घर वेदांता के सहयोग से बच्चों को यह पूरक आहार उपलब्ध कराया जायेगा। उन्होंने कहा कि एक सशक्त राजस्थान की नींव स्वस्थ बच्चों और सशक्त बेटियों से ही रखी जा सकती है। विटामिन एवं खनिजों से समृद्ध पोषण से भरपूर यह पूरक आहार शिशु संजीवनी तीन से छह वर्ष के बच्चों को सप्ताह में दो बार दिया जायेगा।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार चाहती है कि छोटे बच्चों की सामयिक वृद्धि, समुचित विकास और उज्ज्वल भविष्य सुनिश्चित किया जाए। बाल पोषण और प्रारंभिक बाल्यावस्था देखभाल को बेहतर बनाने के लिए नंद घर की ओर से भी प्रयास किये जा रहे हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित