राजसमंद , मई 06 -- राजस्थान की उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने राजसमंद जिले के नाथद्वारा विधानसभा क्षेत्र के रेलमगरा में 4.93 करोड़ रुपए की लागत से निर्मित गौण मंडी का लोकार्पण किया।
श्रीमती दिया कुमारी ने मंगलवार शाम को कुल 9.98 करोड़ रुपए की लागत के विभिन्न विकास कार्यों का शिलान्यास एवं लोकार्पण कर क्षेत्रवासियों को बड़ी सौगात दी। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री कृषक साथी सहायता योजना के तहत लाभार्थी महिलाओं को सहायता राशि के चेक भी वितरित किए गए।
इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री ने कहा कि इन विकास कार्यों से क्षेत्र में कृषि अवसंरचना को मजबूती मिलेगी, किसानों को बेहतर सुविधाएं प्राप्त होंगी और स्थानीय अर्थव्यवस्था को गति मिलेगी। उन्होंने राज्य सरकार की किसानों और ग्रामीण विकास के प्रति प्रतिबद्धता को दोहराया।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार लगातार विकास के नए आयाम स्थापित कर रही है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में असंभव को भी संभव बनाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि सरकार दिन-रात विकास कार्यों को आगे बढ़ाने में जुटी है और राजस्थान की जनता अब समझ चुकी है कि वास्तव में काम कौन करता है। उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि हर क्षेत्र के विकास के लिए सभी को मिलकर भागीदारी निभानी होगी, तभी समग्र प्रगति संभव हो पाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित