अजमेर , फरवरी 23 -- राजस्थान की उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 28 फरवरी को अजमेर में प्रस्तावित जनसभा की तैयारियोें का जायजा लिया।
श्रीमती दिया कुमारी श्री मोदी की अजमेर की कायड़ विश्रामस्थली में होने वाली जनसभा की तैयारियों का अवलोकन किया। इस अवसर पर जल संसाधन मंत्री सुरेश सिंह रावत, संभागीय आयुक्त शक्ति सिंह राठौड़, पुलिस महानिरीक्षक राजेन्द्र सिंह, जिला कलक्टर लोक बन्धु और पुलिस अधीक्षक वंदिता राणा ने तैयारियों से उन्हें अवगत कराया।
उपमुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि समस्त व्यवस्थाएं समयबद्ध, सुव्यवस्थित एवं जनसुविधा को केंद्र में रखकर पूर्ण की जाएं। यह आयोजन ऐतिहासिक एवं अनुकरणीय बने। मौसम में बदलाव के मद्देनजर पेयजल की समुचित व्यवस्था होनी चाहिए। प्रत्येक ब्लॉक में पानी के केम्पर तथा पार्किंग में पानी के टेंकर रहे। इसके अतिरिक्त अन्य स्थानों पर भी पेयजल उपलब्ध रखने के लिए अतिरिक्त मुख्य अभियंता रामचन्द्र राड़ को कहा गया।
उन्होंने विभिन्न स्थानों से आने वाले लाभार्थियों की सुविधा के लिए चैक पोस्ट स्थापित करने के लिए निर्देश दिए। लाभार्थियों के आगमन एवं प्रस्थान के समय यातायात के दबाव को नियंत्रित करने के लिए समय प्रबन्धन किए जाने की आवश्यकता है। मुख्य स्थल में बड़ी संख्या में एलईडी भी लगाई जानी चाहिए। प्रत्येक ब्लॉक में कूलर लगे होने से लाभार्थियों को सुविधा रहेगी।
उन्होंने कहा कि लाभार्थियों के प्रवेश के समय सुरक्षा जांच के दौरान लगने वाले समय को कम करने की आवश्यकता है। इसके लिए प्रवेश जांच स्थलों की संख्या बढ़ाई जाए। अजमेर की यह जनसभा केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि विकास और विश्वास का उत्सव होगी। उन्होंने किसानों, युवाओं एवं आमजन से अधिकाधिक संख्या में आकर कार्यक्रम को सफल बनाने का आह्वान भी किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित