जयपुर , अगस्त 04 -- राजस्थान की उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने मंगलवार को जयपुर के ढेहर के बालाजी रेलवे स्टेशन से वरिष्ठ नागरिक तीर्थयात्रा योजना 2026-27 के तहत वातानुकूलित 'राजस्थान वाहिनी भारत गौरव ट्रेन' को हरी झंडी दिखाकर रामेश्वरम के लिए निशुल्क तीर्थयात्रा का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर श्रीमती दियाकुमारी ने ट्रेन में सवार श्रद्धालुओं से आत्मीय संवाद कर उनकी सुखद, सुरक्षित एवं मंगलमय यात्रा की शुभकामनाएं दीं। इस मौके उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार वरिष्ठ नागरिकों की आस्था, सम्मान और सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए जनकल्याण के संकल्प को निरंतर साकार कर रही है। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ नागरिक तीर्थयात्रा योजना बुजुर्गों को सम्मानपूर्वक देश के पावन तीर्थस्थलों के दर्शन कराने के साथ उनकी धार्मिक भावनाओं को सशक्त करने का एक प्रेरणादायी प्रयास है।
वरिष्ठ नागरिक तीर्थयात्रा योजना के तहत राज्य सरकार पात्र बुजुर्गों को देश के प्रमुख धार्मिक स्थलों की निशुल्क यात्रा की सुविधा उपलब्ध करा रही है, जिससे उन्हें सम्मानजनक एवं सुरक्षित यात्रा का लाभ मिल सके।
इस अवसर पर देवस्थान मंत्री जोराराम कुमावत ने बताया कि इस विशेष ट्रेन के जरिए जयपुर संभाग के 970 वरिष्ठ नागरिक रामेश्वरम और मदुरई के दर्शन के लिए रवाना हुए हैं। श्री कुमावत ने बताया कि इस ट्रेन में सबसे अधिक दौसा जिला के 528 तीर्थयात्री रवाना हुए हैं। इसके अलावा खैरथल-तिजारा जिले से 316 वरिष्ठ नागरिक यात्रा पर गए हैं। वहीं, जयपुर जिले के 126 बुजुर्ग इस पावन सफर का लाभ उठा रहे हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित