उदयपुर , अक्टूबर 19 -- राजस्थान की उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने सोमवार को उदयपुर स्थित आहड़ राजकीय संग्रहालय का निरीक्षण किया और ऐतिहासिक धरोहरों को संवारने के निर्देश दिए।
श्रीमती दियाकुमारी ने इस दौरान संग्रहालय में चल रहे जीर्णोद्धार, सुविधाओं और विभिन्न विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उदयपुर शहर विधायक ताराचंद जैन एवं उदयपुर ग्रामीण विधायक फूल सिंह मीणा भी मौजूद थे। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से विकास कार्यों की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली और संग्रहालय के संरक्षण, बेहतर व्यवस्थाओं तथा ऐतिहासिक धरोहर को अधिक आकर्षक एवं सुव्यवस्थित बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश की ऐतिहासिक धरोहरों के संरक्षण के साथ-साथ उन्हें आधुनिक सुविधाओं से विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि प्रदेश के 10 म्यूजियम का रिनोवेशन किया जा रहा है, ताकि इन्हें और अधिक सुंदर, आकर्षक एवं पर्यटकों के अनुकूल बनाया जा सके।
उन्होंने कहा कि इन संग्रहालयों में व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार कार्य किया जा रहा है। इसके साथ ही सभी संबंधित म्यूजियम का दौरा कर वहां की व्यवस्थाओं और विकास कार्यों की प्रगति का जायजा भी लिया जाएगा। राज्य सरकार का उद्देश्य प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करते हुए उसे नई पहचान देना है, ताकि राजस्थान की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक धरोहर देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों के लिए और अधिक आकर्षण का केंद्र बन सके तथा उन्हें बेहतर पर्यटन अनुभव प्राप्त हो।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित