मुंबई , मई 19 -- दिग्गज कंपनियों में अंतिम समय में हुई बिकवाली और रुपये पर जारी दबाव से मंगलवार को घरेलू शेयर बाजारों में प्रमुख सूचकांक लाल निशान में बंद हुए।

बीएसई का सेंसेक्स 114.19 अंक (0.15 प्रतिशत) गिरकर 75,200.85 अंक पर बंद हुआ। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी-50 सूचकांक भी 31.95 अंक यानी 0.14 प्रतिशत उतरकर 23,618 अंक पर रहा।

सेंसेक्स सुबह बढ़त में खुला था और लगभग पूरे दिन हरे निशान में रहा। आखिरी एक घंटे में दिग्गज कंपनियों में बिकवाली से अंत में यह लाल निशान में चला गया। रुपये में आज एक बार फिर गिरावट रही और यह फिलहाल 43 पैसे टूटकर 96.53 रुपये प्रति डॉलर के ऐतिहासिक निचले स्तर पर आ गया। इससे निवेश धारणा प्रभावित हुई, हालांकि आईटी कंपनियों में लिवाली से वृहत बाजार में तेजी रही।

निफ्टी मिडकैप-50 सूचकांक 0.88 प्रतिशत और स्मॉलकैप-100 सूचकांक 1.17 प्रतिशत ऊपर बंद हुआ। आईटी कंपनियों में जबरदस्त तेजी रही जबकि बैंकिंग एवं वित्तीय कंपनियों ने बाजार पर दबाव बनाया। रसायन, सार्वजनिक बैंक, रियलटी और टिकाऊ उपभोक्ता उत्पाद समूहों में भी तेजी रही। ऑटो और फार्मा सेक्टरों के सूचकांक भी ऊपर बंद हुए। एनएसई में जिन 3,355 कंपनियों के शेयरों में कारोबार हुआ उनमें से 2,150 के शेयर ऊपर रहे और 1,109 के शेयर गिरावट में रहे। अन्य 96 कंपनियों के शेयर अपरिवर्तित बंद हुए।

सेंसेक्स की 30 कंपनियों में से 17 के शेयर लाल निशान में और 13 के हरे निशान में रहे। इंफोसिस का शेयर 4.77 प्रतिशत चढ़ा। एचसीएल टेक्नोलॉजीज में 2.82 प्रतिशत, टेक महिंद्रा में 2.55, इटरनल में 2.40 और टीसीएस में 1.90 प्रतिशत की तेजी रही। भारतीय स्टेट बैंक, ट्रेंट, पावर ग्रिड और एनटीपीसी के शेयर भी मजबूत रहे।

कोटक महिंद्रा बैंक का शेयर 2.51 प्रतिशत टूट गया। टाइटन का शेयर 1.63 प्रतिशत, अल्ट्राटेक सीमेंट का 1.57, अडानी पोर्ट्स का 1.37, भारती एयरटेल का 1.26, सन फार्मा का 1.21, इंडिगो का 1.04 और हिंदुस्तान यूनीलिवर का 1.02 प्रतिशत नीचे बंद हुआ। रिलायंस इंडस्ट्रीज, बीईएल, आईसीआईसीआई बैंक, एचडीएफसी बैंक, एशियन पेंट्स और मारुति सुजुकी में भी गिरावट रही।

वैश्विक स्तर पर एशिया में चीन का शंघाई कंपोजिट 0.92 प्रतिशत और हांगकांग का हैंग सेंग 0.48 प्रतिशत ऊपर बंद हुआ। जापान का निक्केई 0.44 प्रतिशत की गिरावट में रहा। यूरोपीय बाजारों में शुरुआती कारोबार में जर्मनी का डैक्स 1.24 प्रतिशत और ब्रिटेन का एफटीएसई 0.56 प्रतिशत की बढ़त में था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित